प्रमंडलीय मुख्यालय के पांच चौक चौराहों को अतिक्रमण मुक्त करने की योजना पलामू पुलिस ने बनाई है। एसपी इंद्रजीत महथा ने थाना प्रभारी तरुण कुमार व यातायात प्रभारी अरविंद कुमार सिंह को निर्देश दिया है कि रेड़मा चौक, बैरिया चौक, साहित्य समाज चौक, सदीक मंदिर चौक, अस्पताल चौक पर 40 फीट क्षेत्र को अतिक्रमण मुक्त कराने की दिशा में पहल करें। इस संबंध में जिला प्रशासन, पलामू चैंबर ऑफ कॉमर्स, नगर निगम से भी मदद मांगी गई है।
एसपी इंद्रजीत महथा ने इस संबंध में बताया कि प्रमंडलीय मुख्यालय होने के कारण चौक-चौराहों को अतिक्रमण मुक्त बनाना प्रशासन का दायित्व है। इस संबंध में न्यायालय स्तर से भी कई बार दिशा निर्देश प्राप्त हुआ है, जिसका अनुपालन सौ फीसदी सुनिश्चित कराने की जिम्मेवारी शहर थाना प्रभारी को सौंपी गई है। एसपी ने इसके लिए एक टास्क फोर्स भी गठित की है, जो एक सप्ताह के भीतर इन चौक-चौराहों को अतिक्रमण मुक्त कराकर यह सुनिश्चित करेंगे कि निकट भविष्य में इन क्षेत्रों में अतिक्रमण ना हो।
मेदिनीनगर का छहमुहान चौक।
अतिक्रमण से त्रस्त हैं आम नागरिक
शहर में प्रमुख मार्गों पर अतिक्रमण से आम जनजीवन काफी त्रस्त हैं। शहर में सड़क के किनारे दुकान लगाने वाले वेंडरों की संख्या दिन प्रतिदिन बढ़ती जा रही है। दुकानदार येन केन प्रकारेण इसी तरह फुटपाथ पर दुकान लगाना शुरू कर देते हैं। फिर अस्थाई तौर पर घेरकर फुटपाथ को कब्जे में कर लेते हैं। यही स्थिति सभी प्रमुख चौक-चौराहों पर देखने को मिलती है, जिस कारण शहरवासियों को पैदल चलना भी दूभर हो जाता है वहीं कई बार दुर्घटना की आशंका बनी रहती है।
निजी बस पड़ाव भी है परेशानी का सबब
निजी बस पड़ाव में प्रतिदिन 100 वाहनों का आना जाना लगा रहता है। सुबह से ही बस पड़ाव से खुलने के बाद छहमुहान चौक तक धीरे धीरे निकलते हुए सवारी उठाती है, जिस कारण आम नागरिकों को परेशानी का सामना करना पड़ता है। कई बार आम नागरिकों ने बस पड़ाव को दूसरी जगह शिफ्ट कराने का आग्रह जिला प्रशासन और पलामू एसपी से मिलकर किया है। इस दिशा में प्रशासन विचार भी कर रहा। मगर फिलहाल अभी सड़क को अतिक्रमण मुक्त करने के बाद दूसरे चरण में इस दिशा में पहल की जाएगी। एसपी ने बताया कि धीरे-धीरे शहर को सुव्यवस्थित बनाया जाएगा।