लातेहार | स्थानीय परिसदन भवन में सोमवार को पहुंचे नीलांबर-पीतांबर विश्वविद्यालय मेदिनीनगर के कुलपति एसएन सिंह को विवि के सिंडिकेट सदस्य संतोष कुमार पासवान ने ज्ञापन सौंपकर महिला डिग्री कॉलेज लातेहार में इसी सत्र से पढ़ाई चालू कराने की मांग की है। पढ़ाई शुरू कराने के लिए संतोष ने उपायुक्त लातेहार को भी ज्ञापन सौंपा है। कहा है कि फिलहाल जब तक महिला डिग्री कॉलेज का भवन नहीं बन जाता, तब तक चार-पांच कमरों वाले भवन में पढ़ाई शुरू कराई जाए, ताकि छात्राओं को सहूलियत मिल सके। जब भवन तैयार हो जाएगा तो पुन: सरकारी महिला डिग्री कॉलेज में पढ़ाई कराई जाएगी। इसपर कुलपति ने कहा कि उपायुक्त यदि भवन उपलब्ध करा देते हैं तो मैं इसी सत्र से पढ़ाई शुरू करा दूंगा। मौके पर विश्वविद्यालय के परीक्षा नियंत्रक गंगा प्रसाद सिंह, एसडीओ जयप्रकाश झा समेत कई लोग उपस्थित थे।