बाल संसद में प्रधानमंत्री बनी सपना, प्रवीण को हराया
राजकीय उत्क्रमित मध्यम विद्यालय पतरिया में बाल संसद के चुनाव में प्रधानमंत्री पद की उम्मीदवार सपना कुमारी ने अपने निकटतम प्रतिद्वंदी प्रवीण प्रसाद को 19 मतों से पराजित कर जीत हासिल की।
सपना को 58 और प्रवीण को 39 मत प्राप्त हुए। मौके पर प्रधानाध्यापक व्यास राम ने कहा कि विद्यालय में गठित बाल संसद विद्यालय के विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाने में कारगर साबित हो रहा है। बच्चे अपने-अपने विभाग से विभाग को कार्यान्वित कर रहे हैं। बाल संसद में स्वास्थ्य मंत्री, पर्यावरण मंत्री, शिक्षा मंत्री, स्वच्छता मंत्री, सूचना एवं जनसंपर्क विभाग मंत्री, कौशल विकास मंत्री, खेल मंत्री अपने विद्यालय को आकर्षक बनाने व गुणात्मक शिक्षा को प्रबल बनाने में कोई कसर नहीं छोड़ रहे हैं। बाल संसद से बच्चों में भारतीय संसदीय प्रणाली व भारतीय शासन व्यवस्था की प्रायोगिक जानकारी मिल रही है। बाल सांसद को और प्रभावशाली व शक्तिशाली बनाने की जरूरत है।
मौके पर शिक्षक नवल प्रसाद चौरसिया, अनुज कुमार दुबे, रोहित कुमार दुबे, श्यामबिहारी ओझा, गीता कुमारी, रोहित कुमार सहित अन्य लोग उपस्थित थे। वहीं 15 मई को अष्टम वर्ग के विद्यार्थियों को प्रधानाध्यापक व्यास राम चौरसिया ने सम्मान के साथ विदाई दी। मौके पर उन्होंने कहा कि शिक्षा अनमोल धन है इसे कड़ी मेहनत के साथ पाया जाता है। शिक्षा पाने के लिए छात्रों में जुनून होना चाहिए, तभी सुनहरे भविष्य का सपना पूरा कर सकते हैं।