अतिक्रमण करने वालों में सरकारी शिक्षक कुलदीप राम और बबन राम शामिल हैं
भास्कर न्यूज | मेराल
मेराल थाना अंतर्गत करकोमा गांव में दीनदयाल उपाध्याय ज्योति योजना के तहत विद्युत शक्ति उपकेंद्र के निर्माण हेतू उपलब्ध कराई गई जमीन पर दो सरकारी शिक्षकों द्वारा अवैध रूप से कब्जा किए जाने को लेकर मेराल अंचलाधिकारी राकेश सहाय द्वारा स्पष्टीकरण की मांग की गई है। गौरतलब हो कि कर कोमा गांव में खाता संख्या 96 प्लॉट संख्या 1498 में 4 एकड़ जमीन पावर सब स्टेशन निर्माण हेतु विद्युत विभाग को उपलब्ध कराई गई है। उक्त भूमि पर विद्युत वितरण निगम लिमिटेड द्वारा विद्युत शक्ति उप केंद्र का निर्माण किया जाना है, लेकिन कुछ स्थानीय लोगों द्वारा उक्त जमीन पर झोपड़ी लगाकर कब्जा किए जाने के कारण वहां निर्माण कार्य बाधित है।
अतिक्रमण करने वालों में शिक्षक कुलदीप राम तथा बबन राम शामिल हैं। इन दोनों शिक्षकों द्वारा उक्त भूमि पर झोपड़ी लगाकर कब्जा किए जाने के कारण निर्माण कराने वाले संवेदक को काफी परेशानी होगी। इसके मद्देनजर अंचलाधिकारी राकेश सहाय ने शिक्षक कुलदीप राम कथा बबन राम को नोटिस भेजकर आगामी 22 मई को स्पष्टीकरण देने को कहा है। अंचलाधिकारी का कहना है कि सरकारी शिक्षक होने के बाद भी सरकारी भूमि को गैर कानूनी तरीके से कब्जा किया जाना बिल्कुल गलत है। उन्होंने दोनों शिक्षकों का आगाह किया है कि निर्धारित समय पर स्पष्टीकरण दें अन्यथा आपके खिलाफ कानूनी कार्रवाई की अनुशंसा की जाएगी।