थाना क्षेत्र के पढुआ गांव निवासी शंभू चंद्रवंशी की विवाहिता पुत्री गुड़िया देवी 20 वर्ष का शव शनिवार को गांव के ही एक कुआं से बरामद हुआ। पुलिस के अनुसार शंभू चंद्रवंशी ने इस संबंध में पुलिस को बताया कि उसकी बेटी गुड़िया की मानसिक स्थिति ठीक नहीं होने के कारण वह अपने मायके पढ़ुआ में ही कई दिनों से रह रही थी। 16 मई को वह घर में बिना किसी को कुछ बताए गायब हो गई थी। घर के सदस्य उसकी खोजबीन में लगे हुए थे। लेकिन उसका कहीं पता नहीं चल पा रहा था। शनिवार की सुबह शंभू चंद्रवंशी का भाई शौच के लिए खेत तरफ निकला था। इसी क्रम में गांव से कुछ ही दूरी पर स्थित एक कुआं में तैर रहे गुड़िया के शव पर उसकी नजर पड़ी।
घटना की सूचना मिलने के बाद मेराल पुलिस भी घटनास्थल पर पहुंच गई तथा शव को कब्जे में लेकर गढ़वा भेजकर पोस्टमार्टम कराया। पुलिस के अनुसार गुड़िया की शादी मेराल थाना क्षेत्र के संगबरिया गांव में हुई थी। इस घटना को लेकर मृतक के परिवार वालों द्वारा किसी के ऊपर कोई आरोप नहीं लगाया गया है। पुलिस मामले को लेकर छानबीन कर रही है।