उपायुक्त को आवेदन देने जाते ग्रामीण।
भास्कर न्यूज | मेराल
मेराल थाना अंतर्गत सिकनी गांव के लोगों ने उपायुक्त डॉ. नेहा अरोड़ा से मिलकर अपने गांव के मध्य विद्यालय को पढुआ मध्य विद्यालय में विलय करने से रोकने के आग्रह किया है।
ग्रामीणों का कहना है कि विद्यालय को 2 किलोमीटर दूर चले जाने से गांव के बच्चों की पढ़ाई बाधित हो जाएगी। लोगों ने कहा कि अधिक दूरी के कारण छोटे-छोटे बच्चे विद्यालय नहीं जा सकेंगे तथा पढ़ाई से वंचित रह जाएंगे। गौरतलब है कि सिकनी मध्य विद्यालय को मध्य विद्यालय पडुआ में शामिल किया जा रहा है। ग्रामीणों ने उपायुक्त से गुहार लगाते हुए कहा कि इस गांव में अधिकांश बियार जाति के गरीब लोग रहते हैं तथा घर के अधिकांश पुरुष रोजी-रोजगार के लिए बाहर चले जाते हैं। ऐसी स्थिति में विद्यालय दूर होने के कारण बच्चों की पढ़ाई बाधित हो जाएगी।
उपायुक्त डॉ नेहा अरोड़ा ने ग्रामीणों को आश्वस्त किया कि आपकी समस्या पर यथासंभव उचित कार्रवाई की जाएगी। उपायुक्त से मुलाकात कर आवेदन देने वालों में लीलावती देवी, दुखनी देवी, कारो देवी, गोली देवी, रामजी बियार, नरेश बियार, शिवनाथ बियार, मनदीप बियार, जयराम बियार, अशोक बियार, राजेश चंद्रवंशी, रमेश चंद्रवंशी आदि लोग शामिल थे।