ई बैंकिंग के लिए प्रशिक्षण शिविर का हुआ आयोजन
डिजिटल इंडिया के तहत प्रखंड में पूर्ण रूप से केशलैस सर्विस के उद्देश्य बुधवार को प्रखंड कार्यालय के सभागार में ई बैंकिंग कार्यक्रम के तहत एक दिवसीय प्रशिक्षण शिविर का आयोजन किया गया। प्रशिक्षण में पंचायत के सभी मुखिया, पंचायत सचिव, स्वयं सेवक, प्रज्ञा केंद्र के संचालक तथा प्रखंड एवं अंचल कर्मी शामिल हुए। इंटरनेट प्रखंड प्रबंधक आनंद कुमार ने बताया कि इस योजना के तहत सभी लोग को कंप्यूटर की जानकारी उपलब्ध कराना है ताकि सभी लोग केशलैस लेन देन कर सकें। इस योजना के तहत सभी पंचायतों में ग्रामीण साक्षरता अभियान चलाकर प्रत्येक घर की एक वयस्क सदस्य को निशुल्क कंप्यूटर की शिक्षा दी जाएगी ताकि वे केशलैस लेनदेन कर सकें।
आनंद कुमार ने बताया कि केशलैस में किसी प्रकार की दिक्कत होने पर ऑनलाइन इसकी शिकायत दर्ज कराई जा सकती है तथा उसका निदान भी ऑनलाइन ही किया जाएगा। शिक्षा परामर्शदाता यश रंजन ने बताया कि केशलैस लेन-देन के लिए मोबाइल में भीम एप गूगल प्ले स्टोर से डाउनलोड करना होगा। उन्होंने भीम एप कैसे डाउनलोड करना है, इस प्रक्रिया से सभी लोगों को अवगत कराया।
उन्होंने बताया कि सभी पंचायत के केंद्र पर बेसिक कंप्यूटर कोर्स निर्धारित न्यूनतम शुल्क लेकर कराई जाती है। इंटरनेट व्यापार प्रबंधक दीपक कुमार ने बताया कि कोई भी व्यक्ति प्रज्ञा केंद्र के माध्यम से अपनी बीमारी का भी इलाज करा सकता है, इसके तहत होम्योपैथिक इलाज किया जाता है। सीएससी मैनेजर कौशल किशोर ने कहा कि पंचायत स्तर के जनप्रतिनिधियों तथा कर्मचारियों को इसलिए प्रशिक्षित किया जा रहा है एक गांव में जाकर ग्रामीणों को भी इसके लिए प्रेरित करें।