मेड़ता रोड आ रहे विधायक जिग्नेश मेवाणी को पुलिस ने जयपुर में रोका
भास्कर संवाददाता | मेड़ता रोड
मेड़ता रोड में राज्य स्तरीय डाॅ. भीमराव अम्बेडकर जयंती समारोह रविवार को शांतिपूर्वक मनाया गया। जयंती समारोह में भाग लेने अा रहे गुजरात के बड़गांव विधायक जिग्नेश मेवाणी को जयपुर में ही पुलिस ने रोक दिया। इससे पूर्व पुलिस व प्रशासन ने मेड़ता रोड में धारा 144 लगाते हुए मेवाणी के आने पर रोक संबंधी भी आदेश जारी कर दिए थे। वहीं जिग्नेश मेवाणी के मेड़ता रोड कार्यक्रम में आने की सूचना को लेकर दिनभर कलेक्टर व एसपी ने मेड़ता रोड में ही रहकर इस समारोह पर नजर रखी। मेड़ता रोड में कलेक्टर कुमार पाल गौतम, एसपी परिस देशमुख अनिल, एएसपी राजकुमार चौधरी, मेड़ता पुलिस उपाधीक्षक राजेंद्र दिवाकर, मेड़ता रोड थानाधिकारी पूरणमल मीणा सहित मेड़ता सर्किल के सभी पुलिस थाने, लाडनूं, डीडवाना सहित अधिकाशत: जिले भर की पुलिस, आरएसी सहित बड़ी संख्या में पुलिस बल कस्बे में तैनात रहा। एसपी परिस देशमुख ने बताया कि जिला प्रशासन के द्वारा धारा 144 लगाई जाकर गुजरात के विधायक जिग्नेश मेवाणी के यहां आने पर वर्तमान हालात को देखते हुए मेड़ता रोड में सभा स्थल पर आने पर पाबंदी लगाई थी। ताकि किसी प्रकार की शांति व्यवस्था भंग नहीं हो। इसकी सूचना जयपुर मुख्यालय में दी गई। केवल इस वक्ता को ही पाबंद किया गया। शेष कार्यक्रम को यथावत अनुमति दी गई। जयंती समारोह शांति पूर्वक संपन्न हुआ। वहीं इस कार्यक्रम को लेकर दिनभर पुलिस व प्रशासन अलर्ट नजर आया। जयंती समारोह के शांतिपूर्वक संपन्न होने पर पुलिस व प्रशासन ने राहत की सांस ली। (पेज 13 भी पढ़ें)