- Hindi News
- National
- मेड़ता रोड में जयंती समारोह, अंबेडकर महासभा 8 अगस्त से देशभर में चलाएगी हिस्सेदारी भागीदारी आंदोलन
मेड़ता रोड में जयंती समारोह, अंबेडकर महासभा 8 अगस्त से देशभर में चलाएगी हिस्सेदारी-भागीदारी आंदोलन
भास्कर संवाददाता| मेड़ता रोड
मेड़ता रोड में राज्य स्तरीय डाॅ. भीमराव अम्बेडकर जयंती समारोह रविवार को शांतिपूर्वक मनाया गया। जिसमें बड़ी संख्या में अनुसूचित जाति वर्ग के सदस्य पहुंचे। जयंती समारोह में भाग लेने अा रहे गुजरात के बड़गांव विधायक जिग्नेश मेवाणी को जयपुर में पुलिस ने रोक दिया। इससे पूर्व पुलिस व प्रशासन ने मेड़ता रोड में धारा 144 लगाते हुए मेवाणी के आने पर रोक संबंधी भी आदेश जारी कर दिए थे। जयंती समारोह में मुख्य वक्ताओं ने संबोधित करते हुए कहा कि केंद्र व राज्य की सत्तारूढ़ सरकार की ओर से अनुसूचित जातियों पर अत्याचार किए जाने जैसी नीतियों के विरोध में अब कठोर कदम उठाकर निर्णय लिया जाएगा। वहीं दिनभर कलेक्टर व एसपी ने मेड़ता रोड में ही रहकर इस समारोह पर नजर रखी।मेड़ता रोड में डाॅ. भीमराव अम्बेडकर जयंती समारोह आयोजित हुआ। जिसमें जयपुर पुलिस मुख्यालय में कार्यरत आईपीएस पंकज चौधरी ने संबोधित करते हुए कहा कि युवाओं को अपने सपनों को पूरा करने का प्रयास करना चाहिए। जातिगत भावना से बाहर निकलकर तैयारी करते हुए आगे बढ़ना चाहिए। हमेशा संविधान का सम्मान करना चाहिए। सभी को अंहिसात्मक आंदोलन करना चाहिए। ताकि सफलता मिल सके। असुरक्षित वातावरण से बाहर निकलकर अपने अधिकारों की मांग करने वालों को मंजिल मिलती है। उन्होंने कहा कि प्रत्येक युवा को देश के बारे में सोचना चाहिए। ताकि बाबा साहेब के सपनों को पूरा किया जा सके।समारोह में नायक समाज के प्रदेश उपाध्यक्ष किशन खुड़ीवाल, धोरीमन्ना प्रधान जयराम कुरड़िया, अंबेडकर महासभा लखनऊ प्रवक्ता संजय कुमार, बसपा नेता भोजराज मेघवाल, सामाजिक कार्यकर्ता भजनसिंह, नागौर जिला कांग्रेस एससी प्रकोष्ठ अध्यक्ष पांचाराम इंदावड़, डाॅ. झूमरलाल मेघवाल, डाॅ. श्रीराम मीणा, आदि ने भी संबोधित किया। समारोह में जसाराम कालवा, मेघराज, समाजसेवी संतोष चौहान, रामचंद्र लोहिया, हेमाराम रैगर, पूनाराम खींची, राजू मेघवाल आदि मौजूद थे।
मेड़ता रोड. बाबा साहब की आयोजित जयंती में उपस्थिते लोग।
अध्यक्ष गौतम बोलीं - अब अन्याय सहन नहीं करेंगे
अंबेडकर महासभा राष्ट्रीय अध्यक्ष विध्या गौतम ने कहा कि किसी भी स्थिति में अब अनुसूचित जाति वर्ग पर अन्याय सहन नहीं करेंगे। 8 अगस्त से पूरे भारत वर्ष में हिस्सेदारी-भागीदारी देशव्यापी आंदोलन शुरू किया जाएगा। उन्होंने कहा कि केंद्र व राज्य की बेईमानों की सरकारों को सबक सिखाया जाएगा। उत्तरप्रदेश में मौजूदा सरकार के ही विधायक दुष्कर्म जैसी घटनाएं घटित कर रहे है।
हाईकोर्ट के हस्तक्षेप के बाद उन्हें गिरफ्तार किया जाता है। जबकि पुलिस को तो मुकदमा दर्ज होते ही गिरफ्तार कर लेना चाहिए था।
अब हमारे को अपनी लड़ाई स्वयं को ही लड़नी होगी। इसलिए शिक्षित व संगठित होकर ही सरकार का सामना करना होगा। हेमंत कुमार ने कहा कि 2 अप्रैल को भीम सैनिकों पर झूठे मुकदमे दर्ज कर अत्याचार किया गया है। जो किसी भी सूरत में सहन नहीं किए जाएंगे। सरकारों को ऐसे झूठे मुकदमे वापिस लेने होंगे।
कुचामन सिटी| राष्ट्रीय जनाधिकार मंच की ओर से रविवार शाम डॉ. भीमराव अम्बेडकर की जयंती मनाई गई। इस दौरान विचार गोष्ठी का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए वस्त्र व्यापार संघ के अध्यक्ष संतोषकुमार पहाड़िया और मुख्य अतिथि प्रकाशचंद मेहरड़ा ने दीप प्रज्ज्वलित किया। मंच पर सुदर्शन सेवा संस्थान के अध्यक्ष नवलकिशोर डालूका विशिष्ट अतिथि के रूप में मौजूद थे। कार्यक्रम में राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ बीकानेर के बौद्धिक प्रमुख महावीरप्रसाद आसोपा ने कहा कि बाबा साहेब ने देशहित और व्यक्तिहित में से देशहित को ही सर्वोपरि बताया।