- Hindi News
- National
- चैक पोस्ट पर काम करता था सीताराम, हृदय घात से हुई थी मौत, बस एसोसिएशन ने परिवार की आर्थिक मदद के लिए दिए 2 लाख
चैक पोस्ट पर काम करता था सीताराम, हृदय घात से हुई थी मौत, बस एसोसिएशन ने परिवार की आर्थिक मदद के लिए दिए 2 लाख
भास्कर संवाददाता | मेड़ता सिटी (आंचलिक)
ऑल इंडिया ट्यूरिस्ट परमिट बस ऑनर एसोसिएशन के कर्मचारी की मौत हो जाने पर रविवार को एसोसिएशन के पदाधिकारियों व सदस्यों ने डांगावास पहुंच कर मृतक कर्मचारी सीताराम की बुजुर्ग मां को आर्थिक सहायता भेंट की। जानकारी अनुसार डांगावास निवासी 35 वर्षीय सीताराम सेन पुत्र रामपाल सेन ऑल इंडिया ट्यूरिस्ट परमिट बस ऑनर एसोसिएशन में चैक पोस्ट पर काम करता था।
सीताराम दो बहनों में इकलौता भाई होने के साथ ही दिव्यांग भी था। वहीं उसके पिता की भी पूर्व में मौत हो चुकी है। वह बुजुर्ग मां शांतिदेवी का एकमात्र सहारा था। मगर बीते दिनों ह्दयाघात से सीताराम की मौत हो जाने के बाद परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा। ऐसे में ऑल इंडिया ट्यूरिस्ट परमिट बस ऑनर एसोसिएशन परिवार की आर्थिक मदद के लिए आगे आई। रविवार को डांगावास में एसोसिएशन के पदाधिकारियों ने गांव के गणमान्य लोगों की मौजूदगी में वरिष्ठ उपाध्यक्ष राजेंद्र चौधरी ने सीताराम की बुजुर्ग मां शांतिदेवी को दो लाख एक हजार रुपए की आर्थिक सहायता प्रदान की। एसोसिएशन के वरिष्ठ उपाध्यक्ष एवं जोधपुर-मेड़ता-डेगाना बस यूनियन के अध्यक्ष राजेंद्र चौधरी ने बताया कि सीताराम परिवार का एकमात्र सहारा था। ऐसे में अचानक उसकी मौत हो जाने से परिवार दुखों का पहाड़ टूट पड़ा। ऐसे में एसोसिएशन पदाधिकारियों व सदस्यों ने एसोसिएशन अध्यक्ष पूर्व सांसद बद्रीराम जाखड़ की देखरेख में परिवार को आर्थिक सहायता प्रदान करने का निर्णय लिया। पदाधिकारियों व सदस्यों ने 2 लाख रुपए की राशि एकत्रित कर मृतक कर्मचारी सीताराम की बुजुर्ग मां को भेंट की है। इस दौरान रामनिवास फरड़ौदा, हुक्मीराम कमेड़िया, सुखराम, सुशील घटेला, हरिराम कमेड़िया, रतनाराम डांगा, जंवरीलाल सेन, शंकरलाल मुंडेल, रामचंद्र, रामप्रकाश कमेड़िया, रामराज कमेड़िया, हेमराज, मनीष जाजड़ा आदि उपस्थित थे।
सीताराम दो बहनों में था इकलौता भाई, बुजुर्ग मां की सहायता के लिए आगे आए एसोसिएशन के पदाधिकारी व सदस्य
गौशाला को भी एसोसिएशन कर चुकी है सहयोग
एसोसिएशन वरिष्ठ उपाध्यक्ष राजेंद्र चौधरी ने बताया कि करीब 8-10 वर्षों पूर्व भी पीपाड़ के पास एक सड़क दुर्घटना में बस चालक डेगाना निवासी सीताराम की मौत हो गई थी। इस पर एसोसिएशन ने उस दौरान चालक के परिवार को 51 हजार रुपए की सहायता राशि भेंट की थी। इसके साथ गत वर्ष पथमेड़ा गौशाला में गायों की मौत पर एसोसिएशन ने पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत के हाथों गौशाला को 3 लाख रुपए की आर्थिक सहायता प्रदान की थी।