बीएसएनएल ने लाइन बिछाते तोड़ी पाइप, 3 दिन से व्यर्थ बह रहा पानी,
मेड़ता रोड: जलदाय विभाग की क्षतिग्रस्त पड़ी पाइप लाइनें।
जलदाय विभाग ने भी पाइप लाइन को नहीं कराया दुरूस्त
भास्कर संवाददाता | मेड़ता रोड
मेड़ता रोड में बीएसएनएल केबल बिछाने के दौरान जेसीबी द्वारा क्षतिग्रस्त की गई जलदाय विभाग की पाइप लाइनों को जलदाय विभाग ने तीसरे दिन भी ठीक नहीं करवाया है। जिसके चलते हवाई पट्टी, कुरैशी मोहल्ला आदि क्षेत्र में पेयजल संकट बना हुआ है।
नागौर रोड पेट्रोल पंप, भादोलाव, कुरैशी मोहल्ला, सुभाषनगर में कई जगह पाइप लाइन क्षतिग्रस्त होने से पानी सड़कों पर बह रहा है। जलदाय विभाग ने पेयजल पाइप लाइन को ठीक करवाने के बजाय इस क्षेत्र में पानी सप्लाई के लिए वॉल्व खोलना बंद कर दिया है।
जिस कारण क्षेत्र में पेयजल संकट की स्थिति बनी हुई है। तीसरे दिन भी जलदाय विभाग के कर्मचारियों के क्षतिग्रस्त पाइप लाइनों को ठीक करने नहीं पहुंचने को लेकर संग्राम राम गहलोत, भरतसिंह, सज्जनसिंह, राजकुमार चौहान, इलियास हुसैन, सिकंदर आदि लोगों ने डिस्कॉम के प्रति रोष व्यक्त किया है। साथ ही बीएसएनएल की लाइन बिछाने के दौरान ठेकेदार के विरुद्ध भी कार्रवाई की मांग की है।