शादी से लौट रही पिकअप की ट्रैक्टर ट्रॉली से टक्कर, 9 घायल
रूण में ट्रैक्टर ट्राॅली व पिकअप के बीच हुई टक्कर में एक दर्जन लोग घायल हो गए। टक्कर होने के बाद पिकअप पलट गई। रूण से गुजरने वाले राज्य मार्ग 39 पर स्थित पानी की टंकी के पास ट्रैक्टर ट्राॅली व पिकअप में आमने सामने टक्कर हो गई। प्रत्यक्षदर्शियों से मिली जानकारी के अनुसार रूण की ओर से ट्रैक्टर में नोखा चांदावता के किसान अपनी कपास बेचकर आ रहे थे। इसी दौरान सिराधना फांटा की तरफ से पिकअप तेज रफ्तार से आ रही थी। जिसमें लगभग 50 लोग थे।
परासरा निवासी यह लोग मेड़ता रोड में एक शादी समारोह से लौट रहे थे। तभी यह हादसा हो गया। वहीं प्रत्यक्षदर्शियों ने आरोप लगाया कि इसी दौरान पिकअप ड्राइवर शराब के नशे में था। इसी के चलते पिकअप अनियंत्रित होकर ट्रैक्टर ट्राली से जा टकराई और पलटी खा गई। घटना में एक बच्चे समेत 8 लोग घायल हुए है जिनमें महिला- पुरुष शामिल है। हादसे में पिकअप के ट्राॅली से टकराने के कारण पिकअप के आगे का हिस्सा लगभग क्षतिग्रस्त हो गया। घायल बच्चे के हाथ में फ्रेक्चर हुआ है। जबकि सभी घायलों को प्राथमिक उपचार कर 108 एम्बुलेंस द्वारा मूंडवा अस्पताल ले जाया गया।
दधवाड़ा . घटना के बाद घायलों को उपचार के लिए अस्पताल ले जाया गया।
मूंडवा में घायलों का किया उपचार
मूंडवा चिकित्सालय में डाॅ. राजेश बुगासरा एवं डॉ. राकेश सिरोही, चिकित्सा कर्मी दशरथ, नरपत राम, अर्जुन, रूस्तम , रामेश्वर , बालाराम ने घायलों का प्राथमिक उपचार किया। दुर्घटना में ग्यारसी, टीना, ज्योति, पुष्पा, संतोष, कालूराम, गुमानी, विनोद, फूली घायल हो गए। कुचेरा थाना प्रशिक्षु आईपीएस अिधकारी हर्षवर्धन अग्रवाल एवं हैड कांस्टेबल ओमप्रकाश ने मूंडवा अस्पताल पहुंचकर घटना का जायजा लिया।