जोधपुर-वाराणसी मरुधर एक्सप्रेस का संचालन आज रहेगा रद्द
भास्कर संवाददाता | मेड़ता रोड
जोधपुर-वाराणसी के बीच संचालित मरुधर एक्सप्रेस का आज शनिवार को जोधपुर से संचालन रद्द कर दिया गया है। वहीं वाराणसी से 15 अप्रैल को संचालित नहीं होने से वह 16 अप्रैल को मेड़तारोड, जोधपुर नहीं पहुंचेगी।
उत्तरप्रदेश में आंधी तूफान से बाधित रेलमार्ग के कारण ट्रेनों का संचालन प्रभावित हुआ था। इसके चलते गुरुवार सुबह मरुधर एक्सप्रेस के नहीं पहुंचने के कारण गुरुवार शाम को वाराणसी से मरुधर एक्सप्रेस निर्धारित समय सवा 5 बजे रवाना नहीं हो सकी। यह ट्रेन 16 घंटे की देरी से रवाना हो सकी। इस कारण यह ट्रेन शुक्रवार शाम को साढ़े 4 बजे मेड़ता रोड व जोधपुर नहीं पहुंच सकी। इस कारण ट्रेन संख्या 14854 जोधपुर-वाराणसी 14 अप्रैल का संचालन रद्द कर दिया गया है। वहीं ट्रेन संख्या 14863 वाराणसी से 15 को रवाना नहीं होगी। इस कारण यह 16 अप्रैल को मेड़ता रोड व जोधपुर नहीं आएगी। वहीं दूसरी ट्रेनें हावड़ा एक्सप्रेस 6 घंटे, दिल्ली सरायरोहिल्ला 2 घंटे, जोधपुर हिसार 1 घंटे सहित अन्य ट्रेनें भी देरी से आने से यात्रियों को खासी परेशानी का सामना करना पड़ा। गर्मियों के दिनों में भी ट्रेनें देरी से संचालित होने के कारण यात्रियों को विभिन्न स्टेशनों पर ट्रेनाें का इंतजार करना पड़ा।