- Hindi News
- National
- मेड़ता सिटी व गंठिया में आंधी के साथ बूंदाबांदी, तापमान में 20 की गिरावट
मेड़ता सिटी व गंठिया में आंधी के साथ बूंदाबांदी, तापमान में 20 की गिरावट
भास्कर संवाददाता | मेड़ता सिटी (आंचलिक)
शहर में शुक्रवार को दिनभर तेज धूप व गर्मी के बाद शाम को अचानक धूलभरी आंधी के साथ हल्की बारिश हुई। बारिश के बाद ठंडी हवाएं चलने से शहरवासियों को गर्मी से हल्की राहत मिली। वहीं शाम को मौसम खुशनुमा हो गया। बीते 2 दिनों से मौसम करवट बदल रहा है। दिन में तेज धूप के बाद शाम सुहानी हो जाती है। शुक्रवार सुबह होने के साथ ही कभी धूप तो कभी छांव का सिलसिला जारी रहा। आसमान में बादल छाए रहे। शाम करीब 6 बजे हल्की बूंदाबांदी हुई। बारिश के बाद तापमान में 2 डिग्री की गिरावट दर्ज की गई। वहीं देर शाम समाचार लिखे जाने तक आसमान में काली घटाएं छाई रही।
गंठिया | कस्बे सहित आस-पास के क्षेत्र में शुक्रवार को दिनभर तेज गर्मी का असर रहा। शाम करीब 5 बजे अचानक धूलभरी आंधी के साथ हल्की बूंदाबांदी हुई। जिससे आमजन को गर्मी से राहत मिली। समाचार लिखे जाने तक आसमान में बादल छाए रहे।
मेड़ता रोड |मेड़ता रोड में शुक्रवार दोपहर में अचानक मौसम बदला। वहीं शाम को तेज हवा के साथ आई आंधी से जनजीवन प्रभावित हो गया। धूलभरी आंधी से भले ही गर्मी से हल्की राहत मिली है। मगर घरों व दुकानों आदि में मिट्टी ही मिट्टी हो जाने से आमजन को खासी परेशानी का सामना करना पड़ा। वहीं आसमान में काले घने बादल छाए रहने से बारिश का मौसम भी बना रहा। मगर बारिश नहीं हो सकी।
गंठिया