इस बार 15 घंटे के होंगे रोजे, चांद दिखने पर रमजान माह कल से
भास्कर संवाददाता | नागौर/बासनी
रमजान माह दो दिन बाद शुरू हो रहा है। इस बार एक संयोग यह भी है कि तेज गर्मी के दौरान रोजे रहेंगे। शहर के मुस्लिम धर्मावलंबी रमजान की तैयारियों में जुट गए हैं। घरों-मस्जिदों में तैयारियों की रौनक देखने को मिल रही है। हालांकि पाक माह रमजान इस बार भीषण गर्मी के दिनों में है। इस्लामिक कैलेंडर के मुताबिक 16 मई को चांद दिखा तो रोजे 17 मई से शुरू हो जाएंगे। रमजान माह 17 मई से शुरू होता है तो पहला रोजा ही 15 घंटे का रहेगा। दिन बढ़ने के साथ सहरी से इफ्तार के बीच का समय भी बढ़ेगा। अभी शाबान का महीना चल रहा है। इसके खत्म होने के बाद रमजान माह शुरू होगा। चांद नजर आने के साथ ही तरावीह की नमाज शुरू हो जाएगी। अगले दिन रोजा रखा जाएगा। इस हिसाब से पहला रोजा 17 मई से रहेगा। इस बार प्रत्येक रोजा करीब 14 घंटे 50 मिनट से ज्यादा अवधि का रहेगा। यानी रोजेदारों को 24 घंटे के दौरान 15 घंटे भूखे-प्यासे रहकर शिद्दत की गर्मी के बीच नमाज, इबादत और तिलावत करनी होगी। मस्जिदों में तरावीह की विशेष नमाज पढ़ाने वाले हाफिजों का आने का सिलसिला भी शुरू हो गया है।
नागौर शहर की मस्जिदों और घरों में रमजान माह की तैयारियां जोरों पर, आज शाम को होगी चांद देखने की रस्म
मस्जिदों में कर रहे रोशनी की सजावट
रमजान माह को लेकर मस्जिदों में सजावट की जा रही है। विशेष तौर से रंगीन रोशनी से मस्जिदों को सजाया जा रहा है। बासनी में मक्का मस्जिद, मदीना मस्जिद, जामा मस्जिद सहित सभी मस्जिदों को आकर्षक रोशनी से सजाया जा रहा है। इधर, शहर काजी मेराज उस्मानी ने बताया कि चांद दिखाई देने पर रमजान माह की शुरुआत की घोषणा हिलाल कमेटी द्वारा की जाएगी।
पुरुषोत्तम मास:हरिद्वार जाने वाली कालका ट्रेन में नो रूम
मेड़ता रोड | पुरुषोत्तम माह आज से शुरू होगा। इसे लेकर हरिद्वार जाने वाले श्रद्धालुओं की एक माह तक भीड़ रेलमपेल रहेगी। इस कारण बाड़मेर से हरिद्वार जाने वाली कालका एक्सप्रेस में नो रूम की स्थिति बन गई है। आगामी एक माह तक किसी प्रकार से आरक्षित कोचों में सीट उपलब्ध नहीं है। जोधपुर-हरिद्वार स्पेशल साप्ताहिक ट्रेन में भी कंफर्म टिकट नहीं मिल रहे है। बुधवार से पुरुषोत्तम माह आंरभ होगा। जो 13 जून को समाप्त होगा। बाड़मेर से हरिद्वार जाने वाली कालका एक्सप्रेस में इस कारण आगामी एक माह तक किसी प्रकार से सीटें खाली नहीं है। ट्रेन संख्या 24888 में 16 से 21 जून तक नो रूम की स्थिति है। कालका एक्सप्रेस में 30 जून तक किसी प्रकार से कंफर्म टिकट नहीं मिल रहा है। 2 जुलाई को कंफर्म टिकट मिल रहे है।
होगी अखंड ताल सप्ताह
नागौर| शहर के भगतावाड़ी स्थित गोपीनाथ मंदिर सहित अनेक मंदिरों में अधिकमास पर अखंड ताल सप्ताह का आयोजन होगा। शहर की विभिन्न महिला एवं पुरुष भजन मंडलियों द्वारा भजन-कीर्तन किए जाएंगे।