पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर

डाउनलोड करें
  • Hindi News
  • National
  • बोरावड़ के मोबाइल विक्रेता बनवारी की चिकन पॉक्स से मौत, 2 माह पहले ही हुई थी शादी

बोरावड़ के मोबाइल विक्रेता बनवारी की चिकन पॉक्स से मौत, 2 माह पहले ही हुई थी शादी

3 वर्ष पहले
  • कॉपी लिंक
भास्कर संवाददाता | मकराना / बोरावड़

चिकन पॉक्स बीमारी ने बीती रात्रि बोरावड़ के मोबाइल व्यापारी एक 24 वर्षीय युवक की जान ले ली। हालांकि बीमारी को लेकर स्थानीय चिकित्सा प्रशासन के पास किसी प्रकार का रिकार्ड नहीं है। उसका उपचार जयपुर के कई अस्पतालों में करवाया गया। उपचार के दौरान ही शुक्रवार रात्रि में उसकी मौत हो गई। मामले के अनुसार बोरावड़ के बागड़ी मोहल्ला निवासी बनवारी पुत्र ओम बागड़ी बोरावड़ में ही मोबाइल विक्रय व रिपेयरिंग की शॉप चलाता था। एक पखवाड़े पूर्व उसके शरीर पर लाल चकतेनुमा दाने उभर आए एवं तेज बुखार हुआ।

उपचार लेने पर सात दिवस में उसकी तबियत में सुधार हो गया परंतु रविवार 13 मई को उसकी तबियत वापस बिगड़ गई। इस पर परिजन उसे मकराना में सर्जन एके शर्मा के पास लेकर गए जहां पर युवक की गंभीरावस्था को देखते हुए जयपुर रैफर कर दिया गया। युवक बनवारी के चाचा महावीर बागड़ी ने बताया कि वे उसे जयपुर के चिरायु अस्पताल ले गए जहां पर विभिन्न जांचों के कारण युवक को सोमवार तक भर्ती रखा गया एवं बाद में बीमारी का संबन्धित डॉक्टर नहीं होने का हवाला देकर उसे गंभीरावस्था में ही एसएमएस अस्पताल रेफर कर दिया गया।

एसएसएस अस्पताल में वेंटीलेटर खाली नहीं होने के कारण परिजन उसे दुर्लभजी अस्पताल लेकर गए। इसके बाद उसे जयपुर के अपोलो अस्पताल सहित कई अन्य निजी अस्पतालों में भर्ती रखा गया।

उपचार के दौरान चिकित्सकों ने उसे ब्रेन डेड घोषित कर दिया। जिसके चलते शुक्रवार 18 मई को रात्रि नौ बजे चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। शनिवार सुबह मृतक बनवारी बागड़ी का बोरावड़ में अंतिम संस्कार किया गया।

करीब दो माह पहले ही शादी हुई थी

मृतक बनवारी की शादी डेढ़ माह पहले ही मेड़ता रोड निवासी ममता के साथ 25 मार्च को हुई थी। विवाह के एक माह बाद ही युवक को चिकन पॉक्स बीमारी ने जकड़ लिया। ममता के हाथों की मेहंदी अभी उतरी ही थी कि कुदरत का इतना बड़ा कहर टूट पड़ा। जिससे पूरे परिवार सहित अन्य रिश्तेदारों में शोक छा गया। परिवार के सदस्यों का रो-रोकर बुरा हाल है।

मकराना में कुछ दिन पहले भी इसी बीमारी से हुई थी एक युवक की मौत

शहर के घासीजी का बंगला क्षेत्र में रहने वाले ओमप्रकाश पुत्र रघुवीर सोलंकी उम्र 25 वर्ष भी चिकन पॉक्स से संक्रमित हो गया था। आठ दिन बीमार रहने के दौरान उसे अजमेर के क्षेत्रपाल अस्पताल में भर्ती रखा गया। तबीयत बिगड़ने पर अजमेर के विक्टोरिया अस्पताल में भर्ती करवाया गया जहां पर गत 2 मई को उसकी मौत हो गई।

डॉक्टर बोले-क्षेत्र में सर्व करवाएंगे

मरीज का उपचार जयपुर में चला था। हमारे पास इसका रिकार्ड नहीं है कि उसकी मौत चिकन पॉक्स से ही हुई है। फिर भी संबन्धित क्षेत्र में सर्वे करवाएंगे। लोगों को चाहिए कि वे बच्चों का नियमित टीकाकरण करवाए। डॉ. सुनील विश्नोई , प्रभारी, सीएचसी बोरावड़

खबरें और भी हैं...