संविदा कार्मिकों का क्रमिक अनशन 15वें दिन भी रहा जारी
मेड़ता सिटी (आंचलिक)| पंचायत समिति मेड़ता में मनरेगा योजना अंतर्गत समस्त संविदा कार्मिकों का क्रमिक अनशन व धरना 15वें दिन भी जारी रहा। धरनास्थल पर गोरधन भादू ने क्रमिक अनशन रखा। इस दौरान संविदा कार्मिकों की मुख्य मांग एलडीसी भर्ती 2013 पंचायतीराज को पुन: शुरू करते हुए एवं एसएसआर भर्ती 2013 के प्रत्याहारित किए हुए आदेश को तुरंत प्रभाव से निरस्त करने की मांग की। संविदा कार्मिकों ने कहा कि एसएसआर के पदों पर नियमित नियुक्ति की प्रक्रिया को पुन: शुरू करते हुए संविदा कार्मिकों को इस संविदा नाम के दंश से मुक्ति दिलाएं। मनरेगा कार्मिक संघ ब्लॉक अध्यक्ष दीपक जोशी ने कहा कि भाजपा ने अपने सुराज संकल्प यात्रा के दौरान किए वादे को पूरा नहीं कर रही है। उन्होंने कहा कि सर्वोच्च न्यायालय ने 29 नवंबर 2016 को सरकार और संविदा कार्मिकों के पक्ष में फैसला सुना दिया। जिसे आज तक राज्य सरकार द्वारा किसी भी प्रकार का संविदा कार्मिकों के प्रति सकारात्मक रूख अपनाते हुए संविदा कार्मिकों की पीड़ा को नहीं समझा। जिससे संविदा कार्मिकों में रोष व्याप्त है। धरना स्थल पर करमाराम, भगवतसिंह, मनीराम, राजेश, मनोज, सत्यनारायण सैन, अनिल धवल, रामनाथ कालवा, रामलाल, सुरेंद्र महावर, मनीष पाराशर, उमेशचंद्र, श्रवण विश्नोई, कमलेश कंवर, लीला, इंद्रा, शोभाराम, हितेंद्र मीना सहित अनेक कार्मिक उपस्थित रहे।