भास्कर संवाददाता | मेड़ता रोड
थाना क्षेत्र के ईग्यसनी गांव में तीस वर्षीय विवाहिता को ससुराल में विषाक्त पदार्थ देकर हत्या करने को लेकर पति, ससुर और ननद के खिलाफ मामला दर्ज हुआ है। पुलिस के अनुसार बीरबलराम विश्नोई 65 वर्ष निवासी जारोड़ा खुर्द ने रिपोर्ट देकर बताया कि उसकी पुत्री पुत्री बुद्धि देवी 30 वर्ष की शादी ईग्यासनी निवासी हनुमानराम विश्नोई के साथ की थी।
पुत्री को ससुराल में उसका पति हनुमानराम विश्नोई, ससुर हरभजराम, ननद सुनीता उसे दहेज कम देने को लेकर तंग करते थे। उसकी बेटी जब गांव आती थी तो वह ससुराल वालों द्वारा दहेज के लिए परेशान किए जाने की शिकायत भी करती थी। रिपोर्ट में बताया कि घटना के कुछ दिन पूर्व में उसके साथ तीनों आरोपियों ने मारपीट की थी। तब वह पीहर जारोड़ा खुर्द आ गई। तीन साल पीहर ही रही। पीहर रहने के दौरान रिश्तेदार व समाज के लोगों ने आकर समझाइश करवाकर उसे ससुराल भिजवाया था। इसके बाद पुत्री से 14 माह तक किसी प्रकार से संपर्क नहीं रहा। वह 15 मई 2018 को ईग्यासनी गांव में पुत्री से मिलने गया था। तब उसकी पुत्री ने कहा कि यह ससुराल वाले मारपीट करते हैं। कभी भी मार डालेंगे। आए दिन आरोपी झगड़ा, धक्का मुक्की करते हैं।
रिपोर्ट में बताया कि 17 मई को सुबह अखबार देखा तो उसमें बेटी की मरने की खबर आई तो परिवार शोक में डूब गया। इन तीनों आरोपियों ने उसकी पुत्री के साथ मारपीट कर उसके मुंह में कोई विषाक्त पदार्थ पिला दिया। जिससे उसकी मौत हुई है। थानाधिकारी पूरण मल मीणा ने बताया कि विवाहिता की अजमेर में इलाज के दौरान मौत होने पर शव का गुरुवार को पोस्टमार्टम करवाया जाकर ससुराल वालों के सुपुर्द किया गया है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की है।