भास्कर संवाददाता | मेड़ता रोड
भगत की कोठी (जोधपुर) से ताम्बरम (चेन्नई ) के लिए साप्ताहिक हमसफर ट्रेन का नियमित संचालन 18 मई यानि आज से शुरू हो रहा है। उद्घाटन ट्रेन सोमवार को भगत की कोठी से रवाना हुई थी। वह दस घंटे की देरी से चेन्नई पहुंचने से यात्रियों को परेशानी हुई थी।
रेल सूत्रों के अनुसार ट्रेन संख्या 14816 ताम्बरम (चेन्नई) से 18 मई से प्रत्येक शुक्रवार को शाम 7.15 बजे रवाना होकर रविवार को शाम 7.30 बजे भगत की कोठी जोधपुर पहुंचेगी। इसी प्रकार ट्रेन संख्या 14815 भगत की कोठी जोधपुर से ताम्बरम (चेन्नई) साप्ताहिक हमसफर एक्सप्रेस 23 मई से प्रत्येक बुधवार को भगत की कोठी जोधपुर से दोपहर 3.30 बजे रवाना होकर शुक्रवार को ताम्बरम चेन्नई सुबह 10.45 बजे पहुंचेगी। पहला टर्न नियमित रूप से आज शुक्रवार को शाम सवा सात बजे रवाना होगा। हालांकि किराया अधिक होने से प्रथम टर्न में सीटें गुरुवार की शाम तक उपलब्ध हो रही थी।
उद्घाटन ट्रेन पहुंची थी दस घंटे लेट:
रेल राज्य मंत्री राजेन गोहेन द्वारा सोमवार दोपहर 1 बजे हरि झंडी दिखाकर मात्र बीस मिनट की देरी से उद्घाटन ट्रेन रवाना की गई। जो जयपुर सही समय पर पहुंचने के बाद भोपाल एक घंटे, नागपुर तीन घंटे, बल्लारशाह सवा चार घंटे, विजयवाड़ा आठ घंटे व चेन्नई पहुंचते पहुंचते दस घंटे लेट हो गई। इस पर यात्रियों को परेशानी का सामना करना पड़ा।