भास्कर संवाददाता | मेड़ता सिटी
शहर में वाहन चोरी की वारदातें लगातार बढ़ती जा रही हैं, लेकिन पुलिस चोरों को पकड़ नहीं पा रही है। शहर में मई माह में बाइक चोरी की 5 वारदातें हो चुकी हैं। इनमें से एक बाइक चोर द्वारा ग्रामीण क्षेत्र में लावारिस हालात में छोड़कर चले जाने से वापस मिल गई। मई माह के चोरी के आंकड़े देखें तो हर तीसरे दिन शहर में एक बाइक चोरी हो रही है। इसके बावजूद पुलिस किसी वारदात का खुलासा नहीं कर पाई है। शहर में सर्वाधिक बाइक चोरी की वारदातें पब्लिक पार्क, गांधी चौक व कोर्ट परिसर के आस-पास हो रही हैं। मगर पुलिस इन मामलों में भी कुछ नहीं कर पा रही है। पुलिस कार्रवाई सिर्फ एफआईआर दर्ज करने तक सिमटी है। कई बार तो पुलिस ऐसे मामले दर्ज करने से भी गुरेज करती है। थाना प्रभारी छीतर खां का कहना है कि बाइक चोरी होने वाले स्थानों पर सादा वर्दी में जवान तैनात किए गए हैं।