पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर

डाउनलोड करें
  • Hindi News
  • National
  • आज घर घर दस्तक देंगे उम्मीदवार आपके समर्थन के लिए करेंगे मनुहार

आज घर-घर दस्तक देंगे उम्मीदवार आपके समर्थन के लिए करेंगे मनुहार

3 वर्ष पहले
  • कॉपी लिंक
आगामी 16 अप्रैल को होने वाले मतदान के मद्देनजर अब उम्मीदवार सार्वजनिक रूप से चुनाव प्रचार नहीं कर पाएंगे। उनके लिए अब मतदाताओं के घर-घर जाकर मनुहार लगाने की बारी है। चुनाव रणनीतिकारों ने इसके लिए परिवारों की सूची बना ली है। 14 अप्रैल की देर रात तक घरों में मिलने-मिलाने का दौर चला। पुरानी बातों को भूलकर नए सिरे से दोस्ती का आगाज करने का भरोसा दिलाया गया।

चुनाव प्रचार के अंतिम दिन पूरी ताकत झोंकने के बाद पार्टियों का अधिक फोकस अब बूथ मैनेजमेंट पर है। लोकसभा और विधानसभा चुनाव से इतर स्थानीय निकाय चुनावों में मतदान का रुझान कम देखा जाता है। इसलिए उम्मीदवारों ने मतदाताओं को घर से निकालकर मतदान केंद्र तक ले जाने के लिए अपने समर्थकों को तैनात किया है। प्रशासन की ओर से मतदाताओं के घरों तक पर्ची पहुंचाने की लचर व्यवस्था को देखते हुए उम्मीदवारों के समर्थकों ने ही घरों तक मतदान केंद्रों की जानकारी पहुंचाने का मोर्चा संभाला है।

नगर निकाय चुनाव को निष्पक्ष और शांतिपूर्ण संचालित के लिए राज्य निर्वाचन आयोग ने सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए हैं। मतदान केंद्रों को सामान्य, संवेदनशील और अतिसंवेदनशील में बांटकर पूरी योजना बनाई गई है। रविवार को मतदानकर्मी मतदान केंद्रों के लिए रवाना होंगे।

आइए चुने शहर की सरकार
5 बजे तक कतार में लगने वाले डालेंगे वोट
नगर निकाय चुनाव के लिए 16 अप्रैल को सात बजे सुबह से लेकर पांच बजे शाम तक वोट डालने के लिए 10 घंटे की अवधि निर्धारित है। मतदान केंद्र पर पहुंचकर कतार में शामिल हो चुके मतदाता वोट डालने के बाद ही वापस जाएंगे।

पुलिस ने किया शहर में फ्लैग मार्च
शनिवार को नगर पंचायत के विभिन्न क्षेत्रों में पुलिस द्वारा फ्लैग मार्च निकाला गया। इस दौरान साथ चल रहे पुलिस अधिकारियों ने नगर पंचायत के लोगों से चुनाव में शांति व्यवस्था बनाए रखने की अपील की। इसके अलावा आचार संहिता के पालन कराने का निर्देश अधीनस्थों को दिए। निर्वाचन आयोग के निर्देश पर निकाले गए फ्लेग मार्च शहर के दुमका रोड से होते हुए बाजार रोड, स्टेशन रोड, टावर चौक, सुभाष चौक सहित अन्य रूट में भ्रमण किया। इस मौके पर लोगों को बताया गया कि चुनाव के दिन धारा 144 के मद्देनजर एक स्थान पर भीड़ एकत्र न करें और शांतिपूर्वक चुनाव कराने में सहयोग दें अन्यथा उनके खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी। मौके पर मेजर हरेंद्र सिंह ने कहा कि फ्लैग मार्च नगर निकाय चुनाव को देखते हुए निकाला गया है। शहर के लोगों से अपील है कि स्वच्छ और भय मुक्त मतदान करें। किसी के दबाव में आकर मतदान न करें। अगर किसी प्रकार की कोई परेशानी होती है तो तुरंत कंट्रोल रूम या नगर थाना को सूचना दें। मौके पर सजेन्ट आनंद राज खलको सहित काफी संख्या में जवान मौजूद थे।

सुबह सात बजे से लेकर शाम पांच बजे तक मतदाता कर सकेंगे मताधिकार का प्रयाेग
विधि व्यवस्था की हुई समीक्षा
नगर निकाय चुनाव में मतदान केंद्रों पर विधि व्यवस्था एवं पुलिस बल की प्रतिनियुक्ति को लेकर समीक्षात्मक बैठक समाहरणालय में आयोजित किया गया। निर्वाचन को स्वच्छ, निष्पक्ष एवं भयमुक्त वातावरण में संपन्न कराने के लिए मिहिजाम नगर परिषद एवं जामताड़ा नगर पंचायत के सभी मतदान केंद्रों पर विधि व्यवस्था और पुलिस बल की प्रतिनियुक्ति तथा सेक्टर पदाधिकारी के साथ पुलिस पदाधिकारी एवं पुलिस बल टेगिंग किया गया। मौके पर कई पदाधिकारी मौजूद थे।

आज होगा चुनाव सामग्री का वितरण
चुनाव प्रक्रिया शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न कराने की सभी प्रकार की तैयारी जिला प्रशासन द्वारा कर लिया गया है। प्रशासन द्वारा रविवार को कर्मियों के बीच चुनाव सामग्री का वितरण किया जाएगा और सोमवार को मतदान होगा। प्रशासन द्वारा मतगणना की भी तैयारी प्रारंभ कर दिया गया है। इसके लिए शनिवार को मतगणनाकर्मियों को प्रशिक्षण दिया गया। मौके पर बताया गया कि नगर पंचायत जामताड़ा के मतपत्रों की गणना के लिए कुल 39 टेबुल बनाए गए है। अध्यक्ष पद के लिए 14, उपाध्यक्ष पद के लिए 14 तथा वार्ड के लिए 11 टेबल बनाया गया है। इसके अलावे मतगणना के लिए 39 पर्यवेक्षक और मतगणना सहायक को कार्य पर लगाया गया है। इसी प्रकार नगर परिषद मिहिजाम के अध्यक्ष पद के लिए 14 टेबुल उपाध्यक्ष पद के लिए 14 टेबुल तथा वार्ड के लिए भी 14 टेबुल बनाया गया है। मिहिजाम में कुल 42 टेबुल बनाया गया है। यहां मतगणना दो राउंड में होगी। मौके पर अपर समाहर्ता विधानचंद्र चौधरी, एसडीअाे नवीन कुमार, आब्जर्वर के अलावे प्रशिक्षक आमोद दास उपस्थित थे।

हर मतदाता को डालने हैं तीन वोट
नगर निकाय चुनाव में हर मतदाता को तीन वोट डालने हैं। इन में एक महापौर या अध्यक्ष के लिए, एक उपमहापौर या उपाध्यक्ष के लिए और एक वार्ड पार्षद के लिए होंगे। तीनों के लिए अलग-अलग ईवीएम होंगे।

हर बूथ पर सुरक्षा के चाक चौबंद इंतजाम किए गए है
इन प्रत्याशियों ने नहीं दिया हिसाब
नगर निकाय चुनाव में मिहिजाम वार्ड संख्या 1 से 05 तक के वार्ड पार्षद पद के प्रत्याशी द्वारा चुनावी व्यय लेखा प्रस्तुत नहीं किया गया है। जिसमें वार्ड संख्या 04 से कारू यादव व अरूण यादव, वार्ड संख्या 05 से प्रत्याशी गोपाल रजक का नाम शामिल है। वार्ड 08 से ज्योति कुमार दास, श्वेता कुमारी, वार्ड 09 से डोली रजक, वार्ड 14 से कृष्णा मिस्त्री, वार्ड 15 से संयुक्ता महतो, वार्ड 17 से राजेश कुमार दास, वार्ड 19 से कैलाश पंडित। वहीं उपाध्यक्ष पद के स्वतंत्र प्रत्याशी शैलेंद्र यादव। अध्यक्ष पद प्रत्याशी स्वतंत्र मुन्ना मिस्त्री ने भी व्यय लेखा जमा नहीं दिया है। उक्त जानकारी प्रभारी पदाधिकारी सह नोडल पदाधिकारी व्यय लेखा कोषांग ने दी।

खबरें और भी हैं...