पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर

डाउनलोड करें
  • Hindi News
  • Local
  • Mp
  • Gwalior
  • हर्ष फायर से किशोर की मौत के बाद परिजन ने किया चक्काजाम, बोले हत्या का केस दर्ज हो

हर्ष फायर से किशोर की मौत के बाद परिजन ने किया चक्काजाम, बोले-हत्या का केस दर्ज हो

3 वर्ष पहले
  • कॉपी लिंक
ईगुई गांव में सोमवार की रात दष्ठौन समारोह में हर्ष फायर के दौरान चली गोली से किशोर अंकुश जाटव की मौत से नाराज उसके परिजन ने थरेट थाने के सामने सेंवढ़ा-दतिया स्टेट हाईवे पर मंगलवार को डेढ़ घंटे चक्काजाम किया। मृतक की मां राजकुमारी ने कहा कि अंकुश को जानबूझकर गोली मारी गई है। इसलिए वीरेंद्र के बहनाेई दिलीप पटवा पर हत्या का केस दर्ज होना चाहिए। इसके अलावा रात में घटना के बाद पुलिस भी मौके पर पहुंच गई थी, उस समय पुलिस ने पीड़ित के परिजन से अभद्रता की। इसलिए पुलिसकर्मियों पर भी कार्रवाई होनी चाहिए। बाद में पुलिस अफसरों ने परिजन को आश्वासन दिया कि पुलिस इस मामले की जांच के बाद उचित कार्रवाई करेगी। फिलहाल आरोपी युवक पर केस दर्ज कर लिया गया है। इसके बाद परिजन मान गए और जाम खोल दिया।

परिजन का आरोप- पुलिस ने पीड़ित परिवार से ही अभद्रता की, अफसरों ने कहा-जांच कराएंगे तब माने

जाम के दौरान अफसरों से हत्या का केस दर्ज करने की मांग करती राजकुमारी।

गैर इरादतन हत्या का केस दर्ज कर लिया है

दष्ठौन कार्यक्रम में तीन लोगों को हर्ष फायर के दौरान गोली लगने का मामला सामने आया। इसमें से एक की मौत हो गई है, जबकि दो घायल हैं। इसमें आरोपी के खिलाफ गैर इरादतन हत्या का केस दर्ज किया गया है। शादी समारोह और अन्य आयोजनों में हर्ष फायर की घटनाओं को रोकने के प्रयास किए जा रहे हैं। शादी समारोह में हर्ष फायर करने की सूचना देने वाले को दस हजार का इनाम पुलिस देगी। मयंक अवस्थी, एसपी, दतिया

पहले शराब पी फिर मंच पर बैठकर किया हर्ष फायर

गांव के लोगों ने पुलिस को बताया कि ईगुई में गोटीराम पटवा के दामाद दिलीप पटवा ने अपने साले वीरेंद्र पटवा और गांव के अर्जुन लोधी और गजराज लोधी के साथ शराब पी। इसके बाद शराब के नशे में आर्केस्ट्रा पार्टी के मंच पर पहुंच गए। यहां चारों ने हर्ष फायर किए। इनमें दिलीप का साला और जिस बच्चे का दष्ठौन था, उसके पिता वीरेंद्र ने भी हर्ष फायर किए। दिलीप की गोली तिरछी चली, जिससे हादसा हो गया।

पूर्व में हुई घटनाओं से नहीं लिया कोई सबक

ईगुई में दष्ठौन कार्यक्रम में हर्ष फायर की यह पहली घटना नहीं है। 26 फरवरी को ग्राम बगदा में पुलिस आरक्षक मानवेंद्र दांगी के यहां भी बेटी के बर्थ-डे में हर्ष फायर हुआ था, जिसमें चार लोग घायल हुए थे। इससे पहले दो दिसंबर 2017 को होलीपुरा में शादी समारोह में हर्ष फायर में मन्नू दीक्षित गोली लगने से घायल हो गया था। इसके बाद भी इन घटनाओं को रोकने कोई विशेष प्रयास नहीं किए।

हर्ष फायर की सूचना देने वाले को अब 10 हजार का इनाम

एसपी ने बताया कि किसी शादी समारोह या अन्य स्थान पर अगर कोई हर्ष फायर करता है और इसकी सूचना कोई भी व्यक्ति पुलिस को देता है तो सूचना सही पाए जाने पर उसे 10 हजार रुपए का इनाम दिया जाएगा। हर्ष फायर होने पर आयोजक के खिलाफ 336 के तहत मामला दर्ज होगा। मालूम हो कि इससे पहले भी पुलिस ने शादी पंडाल में हर्ष फायर करने वालों पर पांच हजार का इनाम देने की घोषणा की थी, लेकिन एक भी सूचना पुलिस को नहीं मिली।

खबरें और भी हैं...