पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर

डाउनलोड करें
  • Hindi News
  • Local
  • Mp
  • Gwalior
  • मिनरल वाटर बताकर बेच रहे नल का सादा पानी, लोग हो रहे बीमार

मिनरल वाटर बताकर बेच रहे नल का सादा पानी, लोग हो रहे बीमार

3 वर्ष पहले
  • कॉपी लिंक
बेहट रोड पर सिंटेक्स से आरओ कैंपर में पानी भरता युवक।

मापदंड की अनदेखी

फिल्टर पानी में कितना टीडीएस (टोटल डिजॉल्व्ड सोलिड ) है, वह जीवाणु रहित है या नहीं, यह जानकारी अधिकांश आरओ संचालकों को नहीं है। वह मनमाने तरीके से पानी फिल्टर कर बेचते हैं। पानी जीवाणु रहित और इसका टीडीएस 200 तक होना चाहिए। लेकिन चिकित्सा एवं विभाग, जन स्वास्थ्य अभियांत्रिकी विभाग और जिला प्रशासन ने स्वच्छ पानी की गुणवत्ता व टीडीएस की जांच करना मुनासिब ही नहीं समझा है। इसलिए पानी की कैन मंगवा रहे हैं तो सावधान रहें। यह पानी आपके स्वास्थ्य का हाजमा बिगाड़ सकता है। सच्चाई यह है कि इस पानी की गुणवत्ता की कोई विभाग जिम्मेदारी लेने को तैयार नहीं हैं। मौ कस्बे में आरओ प्लांट का धंधा खासा फल फूल रहा है। प्रतिदिन हजारों लीटर पानी की सप्लाई दुकानों, घरों और शादी-विवाह समारोह में किया जा रहा है।

प्लांट का रजिस्ट्रेशन जरूरी

यदि कोई व्यक्ति पानी की कैन और मिनरल वाटर प्लांट संचालित कर रहा है तो उसका स्वास्थ्य विभाग में रजिस्ट्रेशन करवाना आवश्यक है। इसके अलावा प्लांट में रिवर्स ऑस्मोसिस(आरओ), वाटर ट्रीटमेंट प्लांट, टीडीएस नापने की मशीन होनी जरूरी है। लेकिन इन प्लांटों में तो आरओ मशीन तक नहीं है। वह केवल वाटर ट्रीटमेंट के माध्यम से प्लांट चला रहे हैं। इतना ही नहीं यह मिनरल वाटर प्लांट केवल ठंडा पानी करके बेच रहे हैं। जिससे दिनों दिन लोगों के स्वास्थ्य के साथ खिलवाड़ किया जा रहा है। प्लांट संचालकों ने निगम से लाइसेंस नहीं लिया है।

जांच कर कार्रवाई करेंगे

आरओ प्लांट से अगर दूषित पानी सप्लाई किया जा रहा है तो हम जांच कराएंगे। खामियां मिलने पर उचित कार्रवाई की जाएगी। -रामप्रकाश शर्मा, तहसीलदार, मौ

पानी से बीमारी का खतरा

प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र मौ के डॉ राहुल सिंह भदौरिया से जब इस संबंध में भास्कर टीम ने चर्चा की तो उन्होंने बताया कि कैंपर में सप्लाई बिना मिनरल व अधिक टीडीएस वाला पानी लोग पीते हैं तो उनका स्वास्थ्य निश्चित ही खराब हो सकता है। धरातल से निकलने वाले पानी में यदि गुणवत्तापूर्ण मिनरल नहीं डाले जाते हैं तो वह लोगों में पेट दर्द, गैस समस्या, हैजा, टाइफाइड व पथरी जैसी अन्य गंभीर बीमारियों का खतरा पैदा कर सकता है। इसलिए पानी को हमेशा उबालकर पीना ही प्योर शुद्ध माना जाता है।

पेट दर्द से परेशान हैं

घर में आरओ की कैन आ रही है, जिसका पानी पीकर बच्चों को पेट दर्द व गैस की समस्या रहती है। शिकायत करने पर आरओ मालिक सप्लाई बंद करने की धौंस दिखाते हैं। -संतोष यादव, स्थानीय निवासी, वार्ड एक मौ

बिगड़ रहा स्वास्थ्य

कैंपर का पानी पीने से स्वास्थ्य बिगड़ रहा है। पानी की सप्लाई कंडम गाड़ियों में टंकियां लगाकर हो रही है। जिसकी शुद्धता की गारंटी लेने को प्लांट संचालक तैयार नहीं हैं। -रवि यादव, स्थानीय निवासी, वार्ड आठ मौ

स्वच्छ नहीं है पानी

कैन का पानी स्वच्छ व गुणवत्तापूर्ण नहीं है। आरआे संचालकों द्वारा नगर में दूषित पानी बेचकर लोगों के स्वास्थ्य के साथ खिलवाड़ किया जा रहा है। -साबू खान, स्थानीय निवासी, वार्ड दस मौ

खबरें और भी हैं...