चोरों के द्वारा लगाई आग से गृहस्थी का सामान जला
भास्कर संवाददाता | दबोह
दबोह कस्बे के ग्राम कुअंरपुरा नंबर 2 में बुधवार और गुरुवार की रात अज्ञात चोरों ने घर में चोरी की वारदात को अंजाम देकर छप्पर में आग लगा दी। आगजनी में घर के अंदर रखा गृहस्थी का सामान जलकर राख हो गया। फरियादी बूंचे पुत्र लटोरे राठौर ने पुलिस को लिखाई रिपोर्ट में बताया वह अपने परिवार के साथ घर के आंगन में सो रहे थे। रात में अज्ञात चोरों ने छत के रास्ते घर में प्रवेश कर पहले कमरे में चोरी की घटना को अंजाम दिया, इसके बाद चोर कमरे के आगे रखे छप्पर में आग लगाकर भाग गए। आग की पलटें व आहट सुनकर मदद के लिए पुलिस को सूचना दी गई। लेकिन जब तक मदद मिलती घर का पूरा सामान जलकर खाक हो गया। बूंचे के मुताबिक चोर सोने का मंगलसूत्र, कान के बाला, चांदी की एक जोड़ी पायल, दो जोड़ी तोड़ियां, एक हाफ पेटी, चांदी के चूरा, सोने की जंजीर, पायल और अंगूठी चुराकर ले गए हैं। मामले की शिकायत दर्ज कर थाना प्रभारी प्रताप सिंह लोधी ने आरोपियों को पकड़ने का भरोसा दिया है।
खुशीपुरा में जला गृहस्थी का सामान: इधर ग्राम पंचायत अमाहा के खुशीपुरा में बेकुंठी कुशवाह प|ी कल्लू कुशवाह के कच्चे मकान में शुक्रवार की रात अचानक आग सुलगने लगी। आग की लपटें घर में रखे भूषा व अनाज तक पहुंच गईं। आगजनी में घर के अंदर रखे कपड़े तथा गृहस्थी का सामान जलकर खाक हो गया। बता दें कि वर्ष 2013 में आकाशीय बिजली गिरने से बेकुंठी के पति कल्लू की मौत हो गई थी। घर की पूरी जिम्मेदारी बेकुंठी पर टिकी हुई है। ऐसे में बच्चों के पालन-पोषण के साथ ही बेटियों के विवाह का जिम्मा भी है। लेकिन आगजनी में बेकुंठी को बड़ी क्षति पहुंची है। ग्रामीणों ने पूरी घटना की जानकारी प्रशासन के अधिकारियों को देकर उचित मुआवजे की मांग की है।