ऊंचे ब्रेकर बाइकसवारों के लिए खतरा बने
कस्बे में ग्राम पंचायत द्वारा वार्ड नंबर 10 चोसला मार्ग पर इन्टरलॉकिंग निर्माण कार्य करवाया है। इस कार्य के बाद ठेकेदार द्वारा इस मार्ग पर स्पीड ब्रेकर काफी ऊंचे और छोटे बनने के कारण दुपहिया वाहन चालक और उनके पीछे बैठे हुए गिर कर चोटिल हो रहे हैं।
वार्ड नंबर 9 स्टेशन मार्ग पर भी पंचायत ने कुछ समय ब्रेकर बनवाए थे। ठेकेदार द्वारा लापरवाही से निर्माण किया। जिसके चलते प्रतिदिन बाइक सवार महिलाएं गिरकर चोटिल हो रही हैं। यह मार्ग सीधा रेलवे स्टेशन को जोड़ता है। जिसके कारण इस पर काफी यातायात रहता है। बेतरतीब ब्रेकरों से दुपहिया वाहन चालक गिर कर चोटिल हो रहे हैं। वार्ड नंबर 10 में चोसला मार्ग पर बनाई गई इन्टरलॉकिंग पर जो ब्रेकर बनाए गए हैं। उन ब्रेकरों पर स्कूली छात्राओं को काफी परेशानी हो रही है। छात्राओं आरती वर्मा, सुनीता मीणा, अंजुम कुरेशी ने बताया कि वो स्कूटी से स्कूल जाती हैं। ब्रेकर ऊंचे हैं। एकाएक ध्यान नहीं जाता है तो नीचे गिरना सुनिश्चित है। आधा दर्जन से अधिक बार गिर चुकी हैं। सरपंच को भी उन्होंने मामले से अवगत करवा दिया है। अभी तक ब्रेकरों को सही नहीं करवाया गया। सरपंच ममता मेवाड़ा ने बताया कि ब्रेकर ठेकेदार द्वारा अगर सही नहीं बनवाए गए हैं तो दोबारा से उनको सही तरीके से बनवाया जाएगा। मुख्य मार्ग वाले ब्रेकरों के लिए पीडब्ल्यूडी को सूचित कर सही करवा दिया जाएगा। वार्ड 10 और 9 के ब्रेकरों को अतिशीघ्र सही करवा दिया जाएगा।
मोड़क स्टेशन. बेतरतीब बने ब्रेकर।