पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर

डाउनलोड करें
  • Hindi News
  • National
  • अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई के दौरान दो गुटों में आधा घंटे पथराव, 11 लोग घायल

अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई के दौरान दो गुटों में आधा घंटे पथराव, 11 लोग घायल

3 वर्ष पहले
  • कॉपी लिंक
हिरियाखेड़ी गांव में मंगलवार को स्कूल के खेल मैदान से अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई के दौरान गांव के दो गुट आमने-सामने हो गए। दोनों ओर से एक-दूसरे पर पत्थर फेंके गए। घटना में सरपंच, सचिव सहित 11 लोग घायल हो गए। भगदड़ और पत्थरबाजी से दो बाइकों को भी नुकसान पहुंचा। दोनों ओर से पत्थरबाज़ी 30 मिनट तक चलती रही। घायल लोगों को सुकेत अस्पताल ले जाया गया, जहां सभी का प्राथमिक उपचार किया गया। दोनों पक्षो की ओर से दी गई रिपोर्ट पर पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है। मामले में अभी किसी की भी गिरफ्तारी नहीं हुई है। गांव में सुरक्षा की दृष्टि से पुलिस बल तैनात कर दिया गया है।

पुलिस जानकारी के अनुसार हिरियाखेड़ी में स्कूल खेल मैदान के विकास के लिए 10 लाख की राशि स्वीकृत हुई थी। उसी मद से खेल मैदान में कबड्‌डी, वाॅलीबाॅल के लिए मैदान में निर्माण कार्य शुरू करना था। खेल मैदान का पूर्व में तहसीलदार ने गांव वालों के समक्ष सीमाज्ञान करवाया था। उसी के अनुसार पंचायत के कर्मचारी मंगलवार को अतिक्रमण हटाने मशीन लेकर गए थे। सरपंच अनिता गुलाटी, सचिव राजेंद्र सिंह पटवारी और कानूगो की उपस्थिति में अतिक्रमण हटाया गया। इस दौरान यहां भीड़ जमा हो गई।

मोड़क स्टेशन. अतिक्रमण में आई नोहरे की दीवार तोड़ने के बाद पड़ा मलबा।

ऐसे बिगड़ते गए हालात

खेल मैदान के समीप खेत की चारदीवारी को भी हटाया गया। इसके बाद अतिक्रमण हटाओ दस्ता धाकड़ समाज के नोहरे की ओर पहुंचा। यहां चिह्नित भूमि से थोड़ा ज्यादा दूर खुदाई होने लगी तो एक पक्ष ने इसका विरोध जताया। इसी दौरान भीड़ में से किसी ने पत्थर फेंकना शुरू कर दिया। दोनों ओर से जमकर पत्थरबाजी हुई। इससे भगड़ग मच गई। इसी दौरान एक युवक ने मशीन पर चढ़कर समीप ही बने नोहरे को तोड़ दिया, जिससे दोनों पक्ष और उग्र हो गए और पथराव तेज कर दिया। 30 मिनट तक दोनो पक्षों की ओर से पत्थरबाजी होती रही।

मोड़क स्टेशन. घटनास्थल पर पड़े पत्थर और क्षतिग्रस्त बाइक।

पथराव में ये हुए घायल: पथराव में एक पक्ष के हीरालाल, बालचंद, जगदीश, बादामबाई, मोडू बाई व दूसरे पक्ष के सरपंच अनिता गुलाटी, सचिव राजेंद्र सिंह, लालचंद, विनीत गुप्ता बलराम रमेश जाट घायल हो गए। भीड़ ने दो बाइकों को भी क्षतिग्रस्त कर दिया। सूचना के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और भीड़ को तितर-बितर कर घायलों को सुकेत अस्पताल लाई। यहां सभी का प्राथमिक उपचार करवया गया।

एफआईआर के मुताबिक

एक पक्ष की ओर से सरपंच अनिता गुलाटी, सचिव राजेंद्र सिंह ने राजकार्य में बाधा और पत्थर फेंकने का आरोप लगाते हुए बालचंद पुत्र जगन्नाथ, हीरालाल पुत्र जगन्नाथ, अशोक, शंभू, दुर्गालाल और अन्य महिलाओं के खिलाफ मामला दर्ज करवाया है। वहीं दूसरे पक्ष के हीरालाल पुत्र जगन्नाथ ने पत्थरों से हमला कर जान से मारने का मामला विनोद गुप्ता, लालचंद, रमेश जाट, राहुल, विनीत,सावरा, कंवरलाल, भगवान, जोधराज, और अन्य लोगों के खिलाफ दर्ज करवाया है। इन्हीं लोगों पर नोहरे को मशीन से तोड़ेने का भी आरोप लगाया है। हीरालाल का कहना है कि मामला विवादित था तो सरपंच को पुलिस की मौजूदगी में कार्रवाई करनी चाहिए थी।

स्कूल खेल मैदान के निर्माण कार्य करवाया जाना था। भूमि से अतिक्रमण को हटवाया जा रहा था। इसी समय काफी संख्या में महिलाओं और पुरषों ने पत्थरों से हमला बोल दिया। नोहरे को पंचायत ने नहीं बल्कि भीड़ में से ही किसी ने मशीन चलाकर तोड़ा है। पुलिस में रिपोर्ट दर्ज करवाई गई है। -अनिता गुलाटी, सरपंच

सीमा ज्ञान करवा दिया गया था फिर विवाद क्यों हुआ। पुलिस जांच करेगी। नोहरे का निर्माण चारागाह भूमि में किया जा रहा है। पूर्व में उसे नोटिस भी दिया हुआ है। राधेश्याम मीणा, तहसीलदार

दोनों पक्ष के सरपंच, सचिव सहित 11 लोग घायल हुए हैं। मामला दोनों ओर से दर्ज कर लिया गया है। जांच की जा रही है। अभी गिरफ्तारी किसी की भी नहीं हुई है। -भारत सिंह, एसएचओ

खबरें और भी हैं...