ठठी भाई में शराब के ठेके का खोखा गिराने पर 13 पर केस
ठठी भाई में शराब ठेका खोलने के विरोध में गुस्साए लोगों की ओर से खोखे गिराए जाने पर 13 लोगों के खिलाफ केस दर्ज किया गया है।
थाना समालसर के एएसआई बलजीत सिंह ने बताया कि हल्का समालसर ठेका इंचार्ज सुरिंद्र कुमार शर्मा ने पुलिस को दिए बयान में कहा कि 26 मार्च को शराब ठेका नीलामी की बोली के बाद गांव ठठीभाई के लिए अलाट हुए ठेके के लिए उनके द्वारा गांव में लकड़ी का खोखा बनाया गया था। ठेका खुलने के बाद गांव के लोगों द्वारा विरोध किया गया। 14 अप्रैल को कुछ शरारती तत्वों में उनके शराब के ठेके पर धावा बोलकर ठेके में रखी शराब की बोतलें बाहर फेंकने के बाद करीब 22 बोतल शराब चोरी कर लिया और तोड़-फोड़कर खोखे को गिरा दिया। मामले की जानकारी पुलिस को देने पर उसके बयान पर निर्मल सिंह उर्फ भिंदा बैटंरिया वाला के अलावा 12 अज्ञात लोगों के खिलाफ केस दर्ज किया गया है। जांच अधिकारी का कहना है कि आरोपियों की तलाश में छापेमारी की जा रही है। बताया जा रहा है कि अब शराब का ठेका गांव के बस अड्डे के निकट या निजी स्कूल के निकट खोलने की तैयारी चल रही है। लेकिन गांव के लोगों द्वारा न तो बस अड्डे के निकट और न ही स्कूल के निकट ठेका खुलने दिया जाएगा।