कनाडा की एक कंपनी का लोगो व लेटर पैड फर्जी ढंग से तैयार कर भोले-भाले लोगों को विदेश भेजने के नाम पर ठगी मारने के आरोप में पुलिस ने एक महिला समेत चार लोगों के खिलाफ केस दर्ज किया है। थाना सिटी वन के एएसआई गुरनेक सिंह ने बताया कि कनाडा स्थित कनेडियन हायर लर्निंग एकेडमी की प्रिसिंपल इंदी शाही ने पंजाब पुलिस के एनआरआई सेल को 13 सितबंर 2017 को भेजी लिखित शिकायत में आरोप लगाया है कि मोगा के शांति नगर में चरणजीत सिंह द्वारा चलाई जा रही जेबीएलजी नामक ट्रैवल कंपनी में मेरे कंपनी का लोगो व लेटर पैड इस्तेमाल किए जा रहे हैं। साथ ही भोले-भाले लोगों को विदेश भेजने के नाम पर ठगा जा रहा है। इतना ही नहीं चरणजीत सिंह अपने तीन अन्य साथियों के साथ मिलकर तीन युवतियों को विदेश भेजने के नाम पर उनसे 50-50 हजार रुपए व पासपोर्ट ले लिए। बाद में उनको न तो विदेश भेजा और न ही रुपए लौटाए। उन युवतियों द्वारा काफी प्रयास करने के बाद उक्त लोगों ने उनके पासपोर्ट वापस कर दिए। लेकिन उनके डेढ़ लाख रुपए वापस नहीं किए। मामला उनके ध्यान में आने के बाद उन्होंने पुलिस को शिकायत दी। एआईजी ने मामले की जांच एनआरआई विंग लुधियाना के एसपी को सौंप दी थी। जांच अधिकारी द्वारा मामले की सवा आठ महीने चली जांच के बाद कनाडा स्थित कैनेडियन हायर लर्निंग एकेडमी की प्रिसिंपल इंदी शाही द्वारा लगाए ग आरोप सही पाए जाने पर जांच अधिकारी ने रिपोर्ट तैयार कर मोगा पुलिस को भेज दी। थाना सिटी वन में सिमरन कौर, अमरजीत सिंह, रेशम सिंह निवासी रणजीत सिंह एवेन्यू अमृतसर व चरणजीत सिंह निवासी शांति नगर मोगा के खिलाफ धारा 420,465,467,468, 471,120 बी व मानव तस्करी के आरोप में केस दर्ज किया है।