पंजाब रोडवेज के 18 डिपो में सोमवार को हड़ताल रही। इस दौरान रोडवेज मुलाजिमों ने करीब 2 घंटे कामकाज ठप रखा। मोगा में पंजाब रोडवेज के मुलाजिमों ने अपनी मांगों को लेकर गेट रैली की। उन्होंने पंजाब रोडवेज के प्रति सरकार की उदासीनता का नोटिस लेते 23 मई को पंजाब के 18 डिपुओं पर चक्का जाम कर ट्रांसपोर्ट विभाग व राज्य सरकार के खिलाफ प्रदर्शन करने की घोषणा की।
सोमवार को बस स्टैंड पर पंजाब रोडवेज पनबस कर्मचारी यूनियन द्वारा आयोजित गेट रैली में नछत्तर सिंह थोथड़ व इंद्रजीत सिंह भिंडर ने बताया कि सरकार अपनी ही पालिसी को लागू नहीं कर रही, उल्टे अपनी पालिसी से निजी बस कंपनियों को सहूलियतें देने को तुली है। उन्होंने कहा कि पंजाब सरकार की पालिसी के मुताबिक सभी लंबे रुटों पर 60 प्रतिशत रोडवेज की बसों तथा 40 प्रतिशत प्राइवेट बसों को रूट मिलेगा। जबकि हकीकत में निजी बसों को 60 प्रतिशत से भी ज्यादा रूट दिए गए हैं, जिससे रोडवेज घाटे में है। यही नहीं अपनी नई पालिसी में सरकार नेशनल हाईवे पर रोडवेज व निजी बसों के रूट 50-50 प्रतिशत करने जा रही है। ऐसा हर्गिज नहीं करने दिया जाएगा। इन नेताओं ने कहा कि निजी बस संचालक एक एक रूट पर दो से तीन बसे चला रहे हैं, जिनके परमिट पंजाब एवं हरियाणा हाईकोर्ट ने रद्द किए हैं। ऐसे 12,180 परमिट रद्द किए गए हैं। कोर्ट में पंजाब सरकार ने भी हल्फिया बयान दायर कर इन्हें बंद करने को कहा है परंतु हकीकत में यह सभी बसें आज भी सड़कों पर दौड़ रही हैं।
बस स्टैंड पर गेट रैली करते पंजाब रोडवेज ट्रांसपोर्ट वर्कर यूनियन के सदस्य।
डायरेक्टर से हुई बात फिर भी नहीं मानी मांगें : बलजिंदर
गेट रैली में पनबस वर्कर यूनियन के प्रदेश कैशियर बलजिंदर सिंह ने कहा कि कुछ माह पहले ट्रांसपोर्ट विभाग के डायरेक्टर के साथ एक्शन कमेटी की बैठक हुई थी। इसमें डायरेक्टर द्वारा एक्शन कमेटी को विश्वास दिलाया गया था कि ठेके पर काम करके मुलाजिमों के वेतन में 40 प्रतिशत की बढ़ोतरी की जाएगी। पनबस में नई बसें को शामिल किया जाएगा। इंस्पेक्टर स्टाफ, वर्कशाप में प्रमोशन सीमा 3 साल से घटाकर 2 साल की जाएगी, मृतक कर्मचारियों के पारिवारिक सदस्यों को नौकरी, ठेके पर रखे मुलाजिमों को रेगुलर किया जाएगा लेकिन ट्रांसपोर्ट विभाग द्वारा आज तक एक भी मांग को पूरा नहीं किया गया। इस अवसर पर गुरजंट सिंह, इंद्रजीत सिंह, गुरमेल सिंह, प्रदीप सिंह, गुरदेव सिंह,खुशपाल, लखवीर सिंह, जसवीर सिंह आदि उपस्थित थे।
फोटो 19