किसान खुदकुशियों का रास्ता त्यागकर अपनी आर्थिक स्थिति मजबूत करने के लिए दृढ़ इरादे, हौंसले व हिम्मत से बेहतर प्रयास करें क्योंकि खुदकुशी करना किसी भी समस्या का कोई हल नहीं है। उक्त बातें हलका मोगा के विधायक डॉ. हरजोत कमल ने स्थानीय धवन पैलेस में सब डिवीजन स्तरीय कर्जा राहत समागम के दौरान कही।
उन्होंने पंजाब सरकार द्वारा प्रदेश भर के किसानों को खुशहाली देने के लिए कर्जमाफी स्कीम के तहत जिले की मोगा सब डिवीजन के 214 किसानों को 96 लाख रुपए के कर्जा माफी के सर्टिफिकेट दिए। इस समागम की अध्यक्षता एसडीएम सुखप्रीत सिंह ने की। डॉ. हरजोत कमल ने बताया कि मोगा सब डिवीजन समेत जिले के कुल 2,631 किसानों को 12.15 करोड़ रुपए की कर्जमाफी के सर्टिफिकेट तकसीम किए गए हैं। सब डिवीजन बाघापुराना के 1,087 किसानों को 3.83 करोड़ रुपए, धर्मकोट को 627 किसानों को 2.71, निहाल सिंह वाला सब डिवीजन के 703 किसानों को 4.65 करोड़ रुपए का कर्जमाफी का लाभ दिया गया है। इससे पहले जिले के 19,882 किसानों को 82.98 करोड़ का लाभ दिया जा चुका है और इसी तरह अब तक जिले के कुल 22,513 किसानों को 95.13 करोड़ रुपए की कर्जमाफी की राहत मिली है। उन्होंने बताया कि मुख्यमंत्री पंजाब कैप्टन अमरिंदर सिंह द्वारा चुनाव से पहले प्रदेश के किसानों के कर्जे के बोझ को दूर करने का वायदा किया गया था, जिसको कांग्रेस सरकार द्वारा पूरा किया जा रहा है। इसके बाद 2.5 एकड़ से 5 एकड़ की मिल्कियत वाले छोटे किसानों को बनती कर्जा राहत की राशि मुहैया करवाई जाएगी। इस समागम दौरान जिला कांग्रेस प्रधान कर्नल बाबू सिंह, जिलाध्यक्ष कांग्रेस विनोद बांसल, डॉ. पवन थापर, इंद्रजीत सिंह गिल, सुखदेव सिंह, सेंट्रल कोऑपरेटिव बैंक के जिला रजिस्ट्रार भुपिंदर सिंह, कुलदीप कुमार, रवि ग्रेवाल, मेजर सिंह, इंद्रजीत सिंह, जगरूप सिंह, रवि शर्मा, लवजीत सिंह आदि उपस्थित थे।
राहत
किसान खुदकुशियों का रास्ता त्यागकर दृढ़ इरादे, हौसले व हिम्मत से बेहतर प्रयास करें : डॉ. हरजोत कमल
किसानों को कर्जमाफी के सर्टिफिकेट देते डॉ. हरजोत कमल व अन्य।