उधार दिए रुपए मांगने पर महिला सब इंस्पेक्टर, उसके भाई व दादा से मारपीट
मोगा|रामां में एक परिवार को चार साल पहले उधार दिए रुपए और उसका ब्याज मांगने पर गुस्साए उक्त लोगों ने घर में घुसकर हमलाकर भाई व उसकी सब इंस्पेक्टर बहन व उनके दादा को घायल कर दिया। तीनों घायलों को सरकारी अस्पताल में दाखिल करवाया गया है। घायल युवती पंजाब पुलिस में सब इंस्पेक्टर के तौर पर जगरांव पुलिस लाइन में तैनात है। अस्पताल में घायल सब इंस्पेक्टर कमलदीप कौर ने बताया कि उसके परिवार ने गांव के एक परिवार को लगभग चार साल पहले उनकी जरूरत के लिए 40 हजार रुपए उधार दिए थे। समय पर रुपए वापस नहीं किए तो मामले को गांव की पंचायत में भी ले जाया गया। पंचायत के फैसले के बाद उनको 28 हजार रुपए दे दिया गया। जबकि बाकि बचे 12 हजार रुपए के अलावा 40 हजार रुपए पर बनता ब्याज अब तक नहीं दिया गया। लगातार रुपए मांगने से गुस्साए उक्त लोगों ने शनिवार की शाम को साढ़े सात बजे उनके घर में घुसकर पहले मेरे बुर्जुग दादा दर्शन सिंह के साथ मारपीट करनी शुरू कर दी। जब वह और उसका भाई सुखपाल सिंह दादा को बचाने के लिए आगे बढ़े तो वह काफी संख्या में होने के चलते उन लोगों ने उन पर भी हमलाकर दिया। तथा उसे लोहे की राॅड से पीटकर घायल कर गलत हरकत करने की कोशिश की। मेरे शोर मचाने पर हमलावर मौका पाकर फरार हो गए। मामले की जानकारी पुलिस को दे दी गई है। थाना बधनी कलां के एसएचओ सुरजीत सिंह से बात की गई तो उन्होंने बताया कि इस मामले में घायलों का बयान लेने के लिए उन्होंने एएसआई हरिंदर सिंह को भेज दिया है। बयान दर्ज होने के बाद ही कोई अगली कार्रवाई होगी।