- Hindi News
- National
- दुकान के बाहर खड़ी कार से बैग लेकर किशोर भागा, 3 लाख के मोबाइल व 60 हजार रुपए चोरी
दुकान के बाहर खड़ी कार से बैग लेकर किशोर भागा, 3 लाख के मोबाइल व 60 हजार रुपए चोरी
शहर के मेन बाजार में बुधवार को सुबह बाजार खुलने के समय नंदा टेलीकॉम के मालिक की दुकान के बाहर खड़ी कार का दरवाजा खोलकर एक 15 वर्षीय लड़का कार में रखे बैग को लेकर फरार हो गया। बैग में तीन लाख के नए मोबाइल के साथ साथ डैमो फोन तथा 60 हजार रुपए थे। उक्त घटना सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है। जानकारी मिलते ही सिटी साउथ के एसएचओ ने मौके पर जाकर मामले की जानकारी हासिल कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।
मोहम्मद सदिक वाली गली निवासी दीपक नंदा ने बताया कि उनकी मेन बाजार में सरकारी अस्पताल के निकट नंदा टेलीकॉम के नाम से मोबाइल की दुकान है। बुधवार की सुबह नौ बजे वह मारूति कार से घर से दुकान पर पिता अशोक कुमार के साथ आया था। वह और उसके पिता दुकान खोलने में लग गए जबकि कार में बैग रखा हुआ था। वे दुकान खोलकर एक बार अंदर चले गए।
इसी बीच एक लड़का उनकी कार के पास आया और दरवाजा खोलकर कार में रखा बैग लेकर फरार हो गया। जब तक उनके द्वारा शोर मचाया गया और पीछा भी किया परंतु वह लड़का फरार हो गया। जब आसपास की दुकानों में लगे सीसीटीवी कैमरे की फुटेज खंगाली गई तो उसमें एक लड़का कार का दरवाजा खोलकर अंदर से बैग उठाता दिखाई दे रहा है। अशोक कुमार ने बताया कि बैग में सात डैमों फोन के अलावा 14 से 15 नये मोबाइल थे। इनकी कीमत लगभग तीन लाख रुपए है। वहीं बैग में 60 हजार रुपए भी थे।
दुकान के बाहर खड़ी मारूति कार जिसमें से लड़का बैग चोरी कर फरार हुआ।
थाना सिटी साउथ में अज्ञात लड़के पर केस दर्ज
मामले की जानकारी थाना सिटी साउथ के एसएचओ सुरजीत सिंह को देने पर वह पुलिस पार्टी के साथ मौके पर पहुंचे और दुकान के मालिक से घटना की जानकारी ली। उन्होंने ने कहा कि दुकानदार अशोक नंदा के बयान पर एक लड़के के खिलाफ धारा 379 बी के तहत केस दर्ज किया गया है।
वारदात के संबंध में जांच करते थाना सिटी साउथ के एसएचओ सुरजीत सिंह व दुकानदार।
दुकानदार ने धमकी देने वाले एक पुलिस कर्मी की संलिप्तता का जताया संदेह
अशोक कुमार का कहना है कि कुछ दिन पहले एक पुलिस मुलाजिम उनकी दुकान पर धमकी देकर गया था। उन्हें संदेह है कि वही इस काम को करवाया होगा। इसलिए वे उसकी शिकायत लेकर डीएसपी सिटी से मिलने गए थे परंतु वे नहीं मिले। इसलिए वीरवार को एसएसपी से मिल कर शिकायत की जाएगी।
इधर, करियाना स्टोर मालिक से 43 हजार रुपए लूटा
फरीदकोट | गत रात्रि अज्ञात कार सवार लुटेरे ने किराना स्टोर के मालिक से हथियार के बल पर करीब 43 हजार रुपए लूट लिए। फरीदकोट के कैंट रोड पर स्थित गौरव करियाना स्टोर के मालिक सुरिन्द्र कुमार ने बताया कि वह मंगलवार रात करीब 10.30 बजे अपनी दुकान बंद कर घर जाने की तैयारी कर रहा था तो अचानक छावनी की ओर से एक कार आई। कार से उतरे एक व्यक्ति ने पिस्तौल दिखाकर उसके बैग में रखे करीब 43 हजार रुपए, एक सोने का सिक्का, एक सोने का टॉप्स जिसे वह रिपेयर करवाने के लिए लाया था और एटीएम तथा अन्य कागजात लूट लिया।
3 सप्ताह दौरान जिले में हुई घटनाएं
23 मार्च | गांव चीमा के पास रात में जिला लुधियाना के गांव कोटडा निवासी रणजीत सिंह की जांघ में गोली मार कर बाइक सवार उसकी गाड़ी लेकर फरार हो गए थे।
8 अप्रैल | मोगा के आढ़ती तरसेम के यहां काम करते बचितर सिंह व राम सिंह जब रुपये इकट्ठे कर कोटईसेखां से मोगा आने के बजाय गांव गलौटी की ओर जा रहे थे तो रास्ते में स्विफ्ट कार सवार उनकी कार को क्रास कर रोकने के बाद पांच लाख रुपए लूट ले गए।
16 अप्रैल | कस्बा निहाल सिंह वाला में पदम जैन की प|ी मंजू जैन से दो अज्ञात युवक घर में घुसकर अलमारी से छह लाख रुपए लेकर फरार हो गए।
हथियार दिखा 5 हजार लूटे अज्ञात 2 लोगों पर केस
फरीदकोट | कार से जा रहे एक व्यक्ति को हथियार दिखाकर करीब पांच हजार लूटने के मामले में थाना सिटी पुलिस ने दो कार सवारों पर मामला दर्ज किया है। पुलिस को दिए अपने बयान में गांव पखीं कलां वासी नैब सिंह ने बताया कि उसकी कंबाइन फिरोजपुर रोड पर किसी किसान के खेत में चल रही है। मंगलवार शाम को जब वह अपनी कार से खेत गया तो पीछे से कार सवार दो अज्ञात युवकों ने पिस्तौल जैसा हथियार दिखाकर उसकी जेब में रखे करीब 5 हजार रुपए निकाल लिए। पुलिस ने दो अज्ञात युवकों पर केस दर्ज किया है।