मायके से ससुराल गई विवाहिता व उसके बेटे पर ससुरालियों ने हमलाकर घायल कर दिया। घायल महिला व उसके 17 महीने के बेटे को सरकारी अस्पताल में दाखिल करवाया गया है। पुलिस ने महिला की शिकायत पर सास , ससुर व जेठानी व एक अन्य रिश्तेदार पर केस दर्ज किया है। थाना अजीतवाल के एएसआई चरणजीत सिंह ने बताया कि कस्बा निवासी सुखदीप कौर ने पुलिस को दिए बयान में कहा कि उसका पति राजिंदर सिंह 21 अप्रैल को दुबई गया है। जबकि उसकी विवाहित बहन का पति 23 मार्च को कनाडा गया था। 12 मई को छोटी बहन ने उसे फोन पर कहा कि वह मायके आई है ओर उसे मिलने की इच्छा हो रही है। वह अपने 17 महीने के बेटे को साथ लेकर मायके मोठावाली चली गई। 15 मई की दोपहर को वह वापस अपने ससुराल घर पहुंची तो ससुरालवालों ने उसे घर में घुसने से रोकने की कोशिश की। इतना ही नही उसका घरेलू सामान बिखरा पड़ा था। जब उसने विरोध किया तो उस पर लोहे की तीखी चीज से प्रहार किया । इस हमले में वह और उसकी गोद में उठाया 17 महीने का बेटा अभिनवदीप सिंह घायल हो गए। तथा उसका कीमती सामान चोरी कर लिया। घायल मां-बेटे को सरकारी अस्पताल में दाखिल करवाया गया। पुलिस ने महिला के बयान दर्ज करके ससुर मलकीत सिंह , सास जसवीर कौर ,जेठानी अमरजीत कौर के अलावा बुआ सास का बेटा सुखमंदर सिंह के खिलाफ केस दर्ज किया है।