पिछले कई महीनों से 35 करोड़ रुपए के निगम अधिकारियों द्वारा टेंडर न लगाने के रोष में निगम कार्यालय के बाहर एंटी करप्शन अवेयरनेस आर्गेनाइजेशन के चेयरमैन व मौजूदा पार्षद गुरप्रीत सचदेवा ने शुक्रवार को बूट पॉलिश करने के साथ राहगीरों से चंदा एकत्रित किया, ताकि शहर के रुके विकास कार्यों के लिए फंड एकत्रित किए जा सकें। पार्षद गुरप्रीत सचदेवा ने कहा कि बूट पॉलिश करना तो संघर्ष की शुरुआत है। अगर अगले 15 दिनों में अधिकारियों ने बिना पक्षपात किए सभी 50 वार्डों में 35 करोड़ रुपए के विकास कार्य शुरु न करवाए तो निगम कमिशनर का पुतला बनाकर आर्गेनाइजेशन शहर में शवयात्रा निकालेगी व निगम कार्यालय के बाहर ही कमिश्नर का पुतला फूंककर प्रदर्शन करेगी। गौरतलब है कि एंटी करप्शन अवेयरनेस आर्गेनाइजेशन पंजाब व सोहना मोगा सोसायटी ने शहर के विकास कार्यों के लिए नगर निगम के गेट आगे बूट पॉलिश मुहिम की शुरुआत कर पिछले 9 महीने से 35 करोड़ के विकास कार्य लटकाने वाले अधिकारियों के खिलाफ मोर्चा खोल दिया।
संघर्ष में शहरवासियों का भी पूरजोर समर्थन|संस्था के चेयरमैन गुरप्रीत सिंह की ओर से शुरू की गई मुहिम में शामिल लोगों, बाजार में व्यापारियों व समाजसेवी संस्थाओं ने डटकर हिमायत की है।
किसी अधिकारी के पास कोई स्पष्ट जवाब नहीं|संस्था के चेयरमैन गुरप्रीत सिंह सचदेवा, प्रेम गर्ग, रकेश छाबड़ा ने कहा कि किसी अधिकारी के पास विकास कार्य न आरंभ किए जाने बारे कोई स्पष्ट जवाब नहीं है। नगर निगम के कमिश्नर शहरवासियों को स्पष्टीकरण दें कि 31-8-17 से पास हुए कार्यों के 9 माह तक टेंडर क्यों नहीं लगे और अगर शहर के काम रोकने के लिए उन पर कोई सियासी दवाब या मजबूरी है। पहले अधिकारियों द्वारा 17 मई को 35 करोड़ के टेंडर लगाने की बयानबाजी की गई थी लेकिन यह भी पहले की तरह सिर्फ दिखावा रहा। संस्था द्वारा 17 मई तक के दिए अल्टीमेटम के बाद यह कदम उठाना पड़ा, ताकि लापरवाह अधिकारियों व नेताओं को उनके शहर निवासियों प्रति बनते फर्जों के बारे में याद करवाया जा सके। इस मौके पर प्रेम गर्ग, राकेश कुमार, सतनाम सिंह, दीपक अरोड़ा, टहल सिंह, जसविंदर सिंह, वीपी सेठी सहित अन्य उपस्थित थे।
9 महीने से नगर निगम के 35 करोड़ के विकास कार्य लंबित, एसीएओ संस्था ने अधिकारियों के खिलाफ खोला मोर्चा
शहर में विकास कार्य शुरू करवाने के लिए लोगों से चंदा एकत्रित करते आर्गेनाइजेशन के सदस्य। दूसरी ओर बूट पॉलिश करते चेयरमैन गुरप्रीत सिंह व अन्य।