भास्कर संवाददाता|मोगा/बाघापुराना
एक एनआरआई की कोठी से एक लाख 40 हजार रुपए का सामान चोरी करने के आरोप में पुलिस ने सीसीटीवी कैमरे की फुटेज के आधार पर दो लोगों के खिलाफ केस दर्ज किया है। थाना बाघापुराना के हवलदार बलवीर सिंह ने बताया कि गांव झडेंवाला के पूर्व सरपंच दविंदर सिंह ने पुलिस को दिए बयान में आरोप लगाया है कि कस्बा बाघापुराना में उसके एनआरआई रिश्तेदार लाल सिंह की कोठी है। 13 मई को वह बाघापुराना में किसी जरूरी काम से आया था तो उसने सोचा कि वह कोठी को देखता जाए। जैसे ही वह कोठी में गया तो अंदर दरवाजों के ताले टूटे हुए थे, जबकि तीन एलसीडी समेत 1800 कैनेडियन डॉलर समेत कपड़े गायब थे। मामले की जानकारी पुलिस को दी। पुलिस ने कोठी में लगे सीसीटीवी कैमरे की फुटेज देखी जिसमें कुछ लोग वहां घूमते नजर आ रहे हैं। पुलिस ने दविंदर सिंह के बयान पर जगदीश सिंह बाघापुराना व स्वर्ण सिंह निवासी गांव रनियां के खिलाफ धारा 457, 380 के तहत केस दर्ज कर लिया है।
कोठी की देखभाल का जिम्मा आरोपी के पास था : शिकायतकर्ता
पूर्व सरपंच ने बताया कि उसके रिश्तेदारों की कोठी की देखभाल का जिम्मा आरोपी स्वर्ण सिंह के पास था। जिसे कोठी के साथ बने सर्वेंट क्वार्टर दे रखा था। लेकिन वह अपने दूसरे आरोपी साथी जगदीश सिंह के साथ मिलकर कोठी में गलत हरकतें करने लगा था। एक महीना पहले उससे कोठी की चाबियां लेकर उसे वहां से चले जाने के लिए कह दिया था। उसको शक है कि स्वर्ण सिंह को कोठी के बारे में जानकारी होने के चलते उसने अपने साथी के साथ मिलकर घटना को अजंाम दिया है। इसलिए स्वर्ण सिंह व उसके साथी जगदीश सिंह के खिलाफ केस दर्ज किया गया है।