थाना सिटी वन पुलिस ने बैटरा उधार न देने पर हमलाकर दुकानदार युवक को घायल करने के आरोप में छह युवकों के खिलाफ विभिन्न अपराधिक धाराओं के तहत केस दर्ज किया है। एएसआई प्रीतम सिंह ने बताया कि लाल सिंह रोड स्थित राम नगर निवासी जगदेव सिंह ने पुलिस को दिए बयान में आरोप लगाया है कि उसकी गुलाबी बाग में सन्नी इनवर्टर बैटरियों की दुकान है। वीरवार की शाम को पांच बजे एक युवक आया तथा उससे पुरानी बैटरी देकर नई बैटरी लेने आया था। उसने अमनदीप सिंह नामक युवक से पुरानी बैटरी के साथ नई बैटरी की कीमत 5800 रुपए मांगे। लेकिन अमनदीप सिंह ने उसे रुपए देने की बजाए अपने दोस्तों को फोन करके उसकी दुकान पर बुलाया और मारपीट कर उसकी टांग तोड़ दी। इतना ही नहीं उक्त युवक उसकी जेब से 70 हजार रुपए की नकदी भी चोरी कर ले गए। मामले की जानकारी पुलिस को देने पर उसके बयान पर अमनदीप सिंह , निक्का व गोशी निवासी मानूके गिल समेत तीन अज्ञात आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज किया है।