वेतन न मिलने पर आउटसोर्सिंग मुलाजिमों ने दिया धरना
मांगों को लेकर प्रदर्शन करते पीडब्ल्यूडी इलेक्ट्रिकल आउटसोर्सिंग मुलाजिम यूनियन के सदस्य।
भास्कर संवाददाता | मोगा
पीडब्ल्यूडी इलेक्ट्रिकल आउट सोर्सिंग मुलाजिम यूनियन की ओर से उप मंडल कार्यालय के बाहर मुलाजिमों ने मांगों को लेकर धरना लगाकर प्रदर्शन किया। इस अवसर पर रेशम सिंह ने कहा कि पीडब्ल्यूडी इलेक्ट्रिकल विभाग में आउट सोर्सिंग पर काम कर रहे मुलाजिमों को हर माह समय पर वेतन देने के लिए 27 फरवरी को कार्यकारी इंजीनियर के साथ बैठक की थी। इसमें कार्यकारी इंजीनियर द्वारा फेडरेशन के सदस्यों को मुलाजिमों को समय पर वेतन देने का आश्वासन दिया गया था। लेकिन एक महीना बीतने के बाद भी न तो मुलाजिमों को वेतन मिला और न ही उनकी अन्य मांगों को पूरा किया गया। उन्होंने कहा कि फेडरेशन की मांग है कि आउटसोर्स पर काम कर रहे मुलाजिमों को रेगुलर करने के साथ पिछले 2 महीनों का बकाया जारी किया जाए। मुलाजिमों को काम करते समय सेफ्टी बेल्ट मुहैया करवाई जाए। यही नहीं सरकार ने चुनाव से पहले वायदा किया था कि ठेके व आउट सोर्स पर काम कर रहे मुलाजिमों को रेगुलर किया जाएगा, लेकिन एक साल बीतने के बाद भी न तो मुलाजिमों को रेगुलर किया गया और न ही समय पर वेतन दिया जा रहा है।
इस अवसर पर दातार सिंह, राम अवध, रामजीत, बिक्कर सिंह, रेखा रानी, रमेश कुमार, ईश्वर दयाल, सतीश कुमार, प्रवीन कौर आदि उपस्थित थे।