राहुल की सभा में खुज्जी व मोहला मानपुर से भी शामिल होंगे कांग्रेसी
अंबागढ़ चौकी। राजधानी रायपुर में 17 मई को आयोजित राजीव गांधी पंचायती राज के प्रदेश स्तरीय सम्मेलन तथा 18 मई को दुर्ग में आयोजित संभाग स्तरीय सम्मेलन व रोड शो में खुज्जी व मोहला मानपुर विधानसभा से दो हजार कार्यकर्ता शामिल होंगे। कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष राहुल गांधी के प्रस्तावित छग दौरा 17 व 18 मई को सफल बनाने के लिए बुधवार को दोनों विधानसभा क्षेत्रों के ब्लाॅक मुख्यालय में सुबह से शाम तक बैठकों का दौर हुआ।
कांग्रेस के जिला अध्यक्ष नवाज खान एवं मोहला मानपुर तथा खुज्जी के विधायक भोलाराम साहू व तेजकुंवर नेताम की अगवाई में बुधवार को चौकी, मोहला, मानपुर व छुरिया ब्लाॅक मुख्यालय में ब्लाॅक कांग्रेस कमेटी की बैठक हुई। विधायक साहू व नेताम तथा जिला कांग्रेस अध्यक्ष खान ने चारों ब्लाॅक मुख्यालय में कांग्रेस कार्यकर्ताओं को राष्ट्रीय अध्यक्ष गांधी के छग के प्रस्तावित दौरे की जानकारी दी। जिला कांग्रेस अध्यक्ष ने रायपुर व दुर्ग में कांग्रेस के सम्मेलन तथा गांधी के रोड शो मेें शामिल होने के लिए बूथ एवं सेक्टर वार कार्यकर्ताओं को जिम्मेदारियां बांटी। बताया गया कि दोनों विधानसभा क्षेत्रों से एक- एक हजार कार्यकर्ता शामिल होंगे।