एक दशक से खस्ताहाल व जर्जर हो चुकी राजेश नगर से गार्डन पहुंच मार्ग का कायाकल्प होगा। नगरीय प्रशासन विकास विभाग ने इस सड़क के जीर्णोद्धार के लिए 25 लाख की मंजूरी दी है। इस सड़क के निर्माण से चौकी के अलावा आस पास गांवों के राहगीरों को काफी सुविधाएं प्राप्त होगी।
नगर के वार्ड 3 में राजेश नगर से गार्डन व आईटीआई जाने वाली इस पहुंच मार्ग काफी जर्जर है। इस मार्ग से चौकी बस्ती के अलावा मालडोंगरी, खुर्सीपार, चिखली सहित अनेक गांवों के ग्रामीणों का आवागमन होता है। लंबे अर्से से ग्रामीण नगरीय निकाय से इस मार्ग का पुर्ननिर्माण की मांग कर रहे थे। नगर पंचायत अध्यक्ष अनिल मानिकपुरी की पहल व मांग पर नगरीय प्रशासन विकास विभाग ने इस मार्ग में सीसी सड़क निर्माण के लिए 25 लाख की मंजूरी दी है। नगर पंचायत अध्यक्ष अनिल मानिकपुरी ने बताया की यदि कोई प्रशासनिक दिक्कतें नहीं आई तो इस वर्ष इस मार्ग का नए सिरे से निर्माण हो जाएगा।
मुक्तिधाम से शिवनाथ पुलिया के बीच राहत: चौकी, मोहला-मानपुर पहुंच मार्ग में शिवनाथ पुल से नीचे मुक्तिधाम होकर नगर प्रवेश करने वाली मार्ग में सड़क निर्माण नहीं होने से अक्सर दुर्घटनाएं होती थी। इस सड़क निर्माण के लिए 6 लाख की मंजूरी दी थी।
कान्हे, धानापायली सड़क का भी होगा कायाकल्प: ब्लाक मुख्यालय से कान्हे, धानापायली व सेम्हरबांधा तक पीएम सड़क का भी कायाकल्प होगा। 12 साल पहले बनी यह सड़क जर्जर हो चुकी है। डामर उखड़ने से गिट्टियां बाहर आ गई है। इस सड़क के जीर्णोद्धार के लिए भी स्वीकृति मिल गई है।