घायल परमीश का हाल जानने के लिए पहुंचे पंजाबी कलाकार और दोस्त
मोहित शंकर | मोहाली mohit.shanker@dhrsl.com
पंजाबी सिंगर व वीडियो डायरेक्टर परमीश वर्मा पर शुक्रवार देररात गोली चलने के बाद जब उन्हें रात सवा दो बजे फेज-8 स्थित फोर्टिस अस्पताल ले जाया गया तो परमीश के दो पक्के दोस्त म्यूजिक डायरेक्टर देसी क्रयू के गोल्डी और सत्ता उनके साथ मौजूद थे। परमीश अपने इन दोनों दोस्तों के नाम हर गाने में लेते हैं। परमीश ने हाल ही में अपने एक गाने के बोल में कहा था कि ‘गोल्डी ते सत्ता मैनंू यार मिले हीरे’। शुक्रवार देररात से लेकर शनिवार रात तक गोल्डी और सत्ता परमीश के साथ हैं। अस्पताल में परमीश का हाल जानने के लिए आने वाले सभी पंजाबी कलाकारों को उन्होंने ही रिसीव किया। परमीश केे तकरीबन सभी पंजाबी गानों तथा फिल्मों के प्रोजेक्ट्स में गोल्डी और सत्ता होते हैं। परमीश मूलरूप से पटियाला के रहने वाले हैं। वे आस्ट्रेलिया से स्टडी करके इंडिया आए थे और उन्होंने सबसे पहले पंजाबी इंडस्ट्री में वीडियो डायरेक्टर के रूप में काम शुरू किया। परमीश की लुक तथा उनके अंदाज के कारण लोगों ने उन्हें काफी पसंद किया और उनकी वीडियो को भी काफी लाइक किया। उनके बाद परमीश ने अपना पहला ट्रैक ‘आ ले चक्क मैं आ गया’ रिलीज किया। यह सुपर हिट गया और उसके बाद परमीश का अगला गाना ‘गाल नी कड्डनी’ भी लोगों ने काफी पंसद किया। इसके बाद परमीश का लेटेस्ट साॅन्ग ‘टोर नाल छड़ा’ ने भी फैंस का खूब दिल जीता।
परमीश अपने दोस्त सत्ता और गोल्डी के साथ। फाइल फाेटो
फेसबुक पर परमीश की सलामती की दुआओं का आया सैलाब...परमीश को गोली लगने की खबर फैलने के बाद सोशल मीडिया पर उनके फैंस में एक मायूसी की लहर दौड़ गई और उनके फैंस की ओर से फेसबुक तथा अन्य सोशल मीडिया साइट्स पर परमीश की सलामती की दुआ की गई। फेसबुक पर लाखों की गिनती में परमीश के फैंस ने परमीश वर्मा के लिए वाहेगुरू से दुआ की और जल्द ठीक होने की अरदास की।
नाकों पर चेकिंग
गिप्पी ग्रेवाल के अलावा अन्य कई कलाकार पहुंचे परमीश से मिलने
पंजाबी गायक व एक्टर गिप्पी ग्रेवाल दोपहर करीब एक बजे अस्पताल पहुंचे। इस दौरान उनके बाउंसर उनके साथ थे और वो परमीश के प्राइवेट वार्ड में करीब 25 मिनट तक रहे और उन्होंने उनका हाल जाना। परमीश से मिलकर वापस आकर गिप्पी ने परमीश की सेहत तथा गोलीकांड को लेकर कोई भी बात करने से मना किया। वे चुपचाप अपनी गाड़ी में बैठ कर अस्पताल से चले गए। उनके अलावा पंजाबी सिंगर अर्श बैनीपाल, हरसिमरन सिंह तथा अन्य कई पंजाबी गानों में दिखने वाले मॉडल्स परमीश का हाल जानने के लिए पहुंचे।
अस्पताल के बाहर धूप में खड़े रहे फैंस...
कुछ ही समय में पंजाबी इंडस्ट्री में अपना नाम कमाने वाले परमीश ने लाखों की गिनती में अपने फैंस बनाए हैं। शनिवार सुबह जैसे ही परमीश को गोली लगने की बात शहर में फैली तो उसके बाद से ही परमीश वर्मा के फैंस अस्पताल पहुंचना शुरू हो गए। परमीश के फैंस को अस्पताल में नहीं जाने दिया गया। वे धूप में ही खड़े रहे।