पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर

डाउनलोड करें
  • Hindi News
  • National
  • मॉल घुमाने के बहाने 13 साल की बच्ची को किडनैप कर बिहार ले गया पड़ोसी

मॉल घुमाने के बहाने 13 साल की बच्ची को किडनैप कर बिहार ले गया पड़ोसी

3 वर्ष पहले
  • कॉपी लिंक
13 साल की बच्ची को वीआर पंजाब मॉल घुमाने के बहाने बलौंगी के आजाद नगर का रहने वाला गोबिंद किडनैप कर बिहार ले गया। मामले का खुलासा तब हुआ, जब बच्ची ने दो दिन बाद रोते हुए अपनी मां को फोन कर सारी बात बताई। बच्ची की मां ने बलौंगी पुलिस काे शिकायत दी है कि उनकी 13 साल की बच्ची को उनकी गली में रहने वाला गोबिंद धोखे से किडनैप करके ले गया। बच्ची के किडनैप होने के बारे में पता चलने पर मां ने इस बारे में पड़ोसी महिला को बताया तो उसने गांव के पूर्व सरपंच मक्खन सिंह को बुलाकर सारी बात बताई। पूर्व सरपंच ने कहा कि वो पड़ोस में रहने वाले लड़के के परिवार से बात कर बच्ची को वापस करवा देगा। वो पुलिस को शिकायत न दे, लेकिन जब 25 दिन बाद भी बच्ची वापस नहीं आई तो बच्ची की मां ने इस बारे में कांग्रेस कमेटी मोहाली की सेक्रेटरी ममता को बताया। इसके बाद ममता उन्हें और कुछ महिलाओं को साथ लेकर बलौंगी थाने पहुंचीं और मां ने शिकायत दर्ज करवाई। उन्होंने बताया कि बच्ची 26 अप्रैल से गायब है।

बच्ची ने दो दिन बाद रोते हुए मां को किया था फोन...

बच्ची की मां ने बताया कि बच्ची के लापता होने के बाद वो बच्ची की तलाश करते रहे, लेकिन बच्ची का कहीं कुछ पता नहीं चला। दो दिन बाद उनकी बच्ची ने उन्हें रोते हुए फोन किया और बताया कि उनकी गली में रहने वाला गोबिंद उसे अपने साथ धोखे से बिहार ले आया है। बच्ची ने यह भी बताया कि गोबिंद उसके साथ मारपीट कर रहा है और उसे वापस नहीं जाने दे रहा।

बच्ची के गुम होने की सूचना मिली थी। बच्ची की मां ने ही मुझे बुलाया था और इस बारे में जानकारी दी थी। इसके बाद मैंने लड़के के घरवालों से बात की और उन्हें कहा कि बच्ची नाबालिग है, उसे जल्द से जल्द ढूंढ़ कर उसकी मां के हवाले करवाया जाए, लेकिन पुलिस को शिकायत देने से मना करने वाली कोई बात नहीं है। मैंने किसी को शिकायत करने से मना नहीं किया। मक्खन सिंह, पूर्व सरपंच, गांव बलौंगी

आज ही थाने में शिकायत आई है, बच्ची की तलाश करने का प्रयास किया जा रहा है। लड़के के फोन नंबर सर्विसलांस पर लगवा दिए गए हैं। जल्द ही बच्ची को बरामद किया जाएगा। नवीन पाल सिंह लहल, एसएचओ बलौंगी

खबरें और भी हैं...