- Hindi News
- National
- होलसेल शॉप से दवाइयां चुराकर बेचता था कर्मचारी, फुटेज में देखकर पुलिस को सौंपा
होलसेल शॉप से दवाइयां चुराकर बेचता था कर्मचारी, फुटेज में देखकर पुलिस को सौंपा
दवाइयों की होलसेल शॉप से दवाइयां चुरा कर बाहर बेचने वाले एक कर्मचारी को थाना मटौर पुलिस ने गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार किए गए आरोपी की पहचान अमरजीत कुमार के रूप में हुई है। आरोपी को रविवार को मोहाली कोर्ट में ड्यूटी मजिस्ट्रेट के समक्ष पेश किया गया, जहां से उसे एक दिन के पुलिस रिमांड पर भेजा गया है।
जानकारी के मुताबिक फेज-3बी2 मार्केट में स्थित जेपी फार्मा नाम की दरवाइयों की होलसेल शॉप के मालिक जगप्रीत सिंह ने मटौर थाना पुलिस को शिकायत देते हुए कहा था कि उनका दवाइयों का होलसेल का काम है और उन्होंने अपनी शॉप में 30 से 35 कर्मचारी रखे हुए हैं। उन्हाेंने बताया था कि कुछ दिन से उनका दवाइयों का हिसाब गड़बड़ा रहा था, जिस कारण उन्हें लग रहा था कि उनका कोई कर्मचारी दुकान से चोरी कर रहा है और दवाइयों को बाहर कहीं बेच रहा है। इसके बाद उन्होंने दुकान के कर्मचारियों पर नजर रखनी शुरू कर दी।
उन्होंने बताया कि काफी समय तक दुकान व कर्मचारियों पर नजर रखने के बाद भी उन्हें चाेरी होने वाले सामान के बारे में कुछ पता नहीं चला। इसके बाद उन्होंने लगातार अपनी दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरे की फुटेज की बारीकी से जांच की तो साफ हुआ कि उनकी दुकान में काम करने वाला उनका कर्मचारी अमरजीत कुमार ही उनकी दुकान से दवाइयां चुराता था और बाहर बेचता था।
पुलिस को फुटेज सौंपने के बाद पुलिस ने अमरजीत के खरड़ स्थित घर पर रेड करके उसे गिरफ्तार किया और उसके पास से चोरी की हुई दवाइयां भी बरामद की। आरोपी से बरामद हुई दवाइयों की कीमत करीब ढाई लाख रुपए है। आरोपी से पूछताछ की जा रही है कि अभी तक उसने कितनी दवाइयां चोरी की और बाहर किसको बेचीं।