‘श्री सुरभ्ये नमः’ मंत्र का सामूहिक जाप करते हुए किया हवन यज्ञ
मोहाली| गौ-ग्रास सेवा समिति, मोहाली की ओर से गौ, जन, राष्ट्र और जगत के हित के लिए पंजाब भर में 1 अप्रैल से चल रहे “गौ जप महायज्ञ” को पूर्ण करने के लिए सर्वहितकारी स्कूल, सेक्टर-71, मोहाली में हवन यज्ञ किया गया। पंडित जी द्वारा विधि अनुसार “श्री सुरभ्ये नमः” मंत्र की एक माला का सामूहिक जाप करवाकर आए हुए सभी गौ-भक्तों से हवन में पूर्ण आहुति डलवाई गई। इस विशेष अवसर पर पंजाब के गौ सेवा प्रमुख चंद्रकांत मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित थे। चंद्रकांत ने सभी गऊ भगतों को जानकारी दी। स्वयं भगवान कृष्ण ने सर्वाधिक पूजनीय गोमाता को ईष्टदेव मानकर “श्री सुरभ्ये नमः” मंत्र का जाप किया तथा छह वर्ष की आयु में ही नंगे पांव रहकर गौ माता की सेवा की और गोपाल कहलाए। यहां तक की देवों के देव महाराज इन्द्र ने भी सुरभि मां को सर्वश्रेष्ठ मानकर उनकी आराधना की। हिन्दू संस्कृति में गौ माता की अर्चना-सेवा कर पूरे विश्व के कल्याण की कामना भी की गई।