मटौर के बाद वही लड़के फेज-3बी2 में बूथ के सामने से ले गए दूध के 3 क्रेट
गांव मटौर में दो दिन पूर्व तड़के एक्टिवा सवार दो युवकों ने एके डिपार्टमेंटल स्टोर के बाहर रखे दूध के चार क्रेट चोरी कर लिए थे। स्टोर के मालिक नवीन गुप्ता ने इसकी शिकायत पुलिस को दी थी और बाकायदा दोनों एक्टिवा सवार चोर युवकों की फोटो भी दी थी। लेकिन मंगलवार तड़के इन्हीं दोनों दूध चाेर युवको ने फेज-3बी2 में हनुमान जी के मंदिर के सामने पार्क में वेरका बूथ पर धावा बोलकर वहां से भी दूध से भरे क्रेट चोरी किए है।
बूथ मालिक ने बताया कि वह बूथ खोल रहे थे। तभी एक्टिवा पर दो युवक आए और बाहर पड़े क्रेट उठाकर एक्टिवा पर रखने लगे। एक क्रेट चालक ने पैरों में रखा व दो पीछे बैठे युवक ने अपनी गोद में रख लिए। जैसे ही उन्होंने दोनों युवकों को क्रेट उठाते देखा तो वो भाग गए। उन्होंने उनका बाइक से पीछा भी किया। दोनों एक्टिवा सवार युवक मटौर की तरफ भाग गए। वह काफी देर तक मटौर में उनकी तलाश करते रहे, लेकिन दोनों का कहीं पता नहीं चला। यह एक्टिवा सवार दोनों युवकों की 15 दिनों के भीतर दूध चोरी करने की तीसरी वारदात है। मालिक ने बताया कि उन्होंने पुलिस को शिकायत दे दी है।