मोकामा के दोहरे हत्याकांड में करुआ यादव गिरफ्तार
घोसवरी थाना क्षेत्र के गोसाई गांव में दोहरे हत्याकांड के अभियुक्त विनोद कुमार यादव उर्फ करुआ यादव को गिरफ्तार कर लिया गया। विनोद उर्फ करुआ गोसाईगांव के पिता-पुत्र हत्याकांड का नामजद अभियुक्त था। घोसवरी थानाध्यक्ष विभूति भूषण के नेतृत्व में की गई छापेमारी के दौरान पुलिस ने उसे घर से गिरफ्तार किया गया। गिरफ्तार करुआ गोसाईगांव के कुख्यात अपराधी दिवाकर यादव का भाई है। गौरतलब है कि 13 अप्रैल को गोसाईगांव में रामविलास यादव और उनके बेटे शंकर उर्फ पप्पू यादव की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। हत्या का आरोप दिवाकर यादव और उसके शागिर्दों पर लगा था।
सौ से अधिक राउंड हुई थी फायरिंग
घोसवरी थाना के गोसाई गांव में हुए पिता पुत्र की हत्या के दिन अपराधियों ने सौ राउंड से अधिक गोलियां चलाई थी। मृतकों के शरीर को भी गोलियों से भून दिया गया था। दिवाकर ने अपने भाई अरुण यादव की हत्या का बदला लेने के लिए घटना को अंजाम दिया था।