एटीएम कार्ड बदल ठगने वाले दो काबू, Rs.70 हजार बरामद
पुलिस ने धोखे से एटीएम कार्ड बदल कर लोगों के साथ ठगी मारने वाले अंतरराज्यीय गिरोह के दो व्यक्तियों को काबू कर लिया है।
एसएचओ (मूनक) गगनदीप सिंह ने बताया कि ठग गिरोह के दो सदस्य लोगों की मदद करने के बहाने उनका एटीएम कार्ड बदल कर पैसे निकलवा लेते हैं। एएसआई सुरिंदर सिंह ने सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए स्टेट बैंक ऑफ इंडिया के एटीएम में खड़े दो व्यक्तियों को एटीएम कार्ड और 70 हजार रुपए के साथ काबू किया। आरोपियों की पहचान विनोद सिंह राणा निवासी भगवान खेड़ा और प्रकाश सिंह निवासी भुल्लन हुई है। आरोपी पंजाब, हरियाणा और दिल्ली में अलग-अलग एटीएम से बडी़ मात्रा में पैसों की ठगी मार चुके है। अंतरराज्यीय गिरोह के लोग बजुर्ग और गांव के व्यक्तियों को अपना शिकार बनाते थे। एटीएम से पैसे निकलवाने आए लोगों की मदद करने के बजाए उनके एटीएम कार्ड को बदल कर दे देते थे और एटीएम कार्ड का पासवर्ड पता कर पैसे निकाल लेते थे। जब लोग अपने एटीएम कार्ड से पैसे निकालने की कोशिश करते थे। तो वह अपने को ठगा महसूस करते थे। पुलिस ने इन आरोपियों के खिलाफ विभिन्न धाराओं में केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।