20 दिन से फूटी लाइन, 1 दिन बाद मिल रहा पानी
वार्ड क्रमांक 12 में 20 दिन से पाइप लाइन फूटी है लेकिन नप कर्मचारियों के पास सुधार का समय नहीं है।
पेयजल वितरण प्रभारी को बताने के बाद भी लाइन में सुधार नहीं, रोजाना हजारों लीटर पानी व्यर्थ बह रहा
भास्कर संवाददाता | मूंदी
नगर में संभावित पेयजल संकट को देखते हुए एक दिन के अंतराल से वितरण किया जा रहा है। सरकार पानी सहेजने पर कार्य कर रही है। लोगों को जागरूक किया जा रहा है। इधर मेन पाइप लाइन फूटने से लगातार 20 दिन से हजारों लीटर पानी व्यर्थ बह रहा है। लेकिन नगर परिषद का सुधार की ओर ध्यान नहीं है। फूटे पाइप से 10 फीट ऊंचा फव्वारा निकल रहा है। गर्मी में इसका आनंद मोहल्ले के बच्चे उठा रहे हैं।
नगर के वार्ड क्रमांक 12 में विष्णु मंदिर मार्ग पर पाइप लाइन 20 दिन से फूटी हुई है। पाइप का पानी घरों तक पहुंच रहा है। पास में नाली भी है। फूटे पाइप से गंदा पानी भी घरों तक सप्लाय हो रहा है। नगर परिषद के पेयजल वितरण प्रभारी व चाबीदार को जानकारी होने के बावजूद सुधार में लापरवाही बरती जा रही है। इधर वार्ड क्रमांक 1 में फारेस्ट ऑफिस मार्ग पर ट्यूबवेल एवं छोटी टंकी से लोग पानी भर रहे हैं। ट्यूबवेल जमीन से कुछ ऊंचा होने से महिलाएं सीधे बर्तन लगा देती हैं तो कुछ टंकी के नल में बर्तन लगाती हैं। टंकी के सामने कीचड़ मचा हुआ है। महिलाओं को इसी में खड़े होकर पानी भरना पड़ रहा है। नगर भ्रमण के दौरान तत्कालीन एसडीएम शीतला पटले ने यहां कांक्रीट करने के निर्देश दिए थे लेकिन छह माह बाद भी स्थिति जस की तस है। इस संबंध में जल प्रदाय प्रभारी सुरेंद्र गुर्जर ने बताया पाइप लाइन फूटने की जानकारी मिली है। जल्द ही सुधार कराया जाएगा।