नगर परिषद द्वारा वार्ड क्रमांक 1 में 47 लाख की लागत से पार्क निर्माण कराया जा रहा है। करीब 10 दिन पहले भी पार्क के लिए खुदाई का कार्य शुरू किया गया था लेकिन एक किसान की आपत्ति पर रोकना पड़ा था। राजस्व अफसरों द्वारा जमीन की नपती के बाद शनिवार को विधिवत भूमिपूजन कराया। हालांकि किसान ने एक बार फिर कागजात दिखाकर काम रोकने का प्रयास किया लेकिन नायब तहसीलदार व टीआई ने किसान को समझाकर कार्य शुरू कराया।
नगर परिषद अध्यक्ष संतोष राठौर ने नायब तहसीलदार रमेश चौधरी व टीआई नीरज मेढ़ा की मौजूदगी में भूमिपूजन कर पार्क निर्माण शुरू कराया। वे ठेकेदार सिंगाजी कंस्ट्रक्शन की जेसीबी साथ लेकर पहुंचे थे। जैसे ही मशीन ने काम शुरू किया किसान ने 40 डिसमिल जमीन के कागज दिखाकर काम रोकने की बात कही। इस पर नायब तहसीलदार ने किसान आनंदराम पटेल से कहा आपकी जमीन बावडिय़ा गांव में आती है। यह जमीन नगर क्षेत्र के खसरा नंबर 1117 की है। इसमें पार्क बनेगा। आपकी जमीन खसरा नंबर 1118 की 120 डिसमिल में से 40 डिसमिल सीमांकन कर छोड़ दी है। इसके बाद किसान चला गया और अफसरों ने काम शुरू करा दिया।
आपत्तिकर्ता को बताया उसकी जमीन बावड़िया में आती है, पार्क की जमीन मूंदी नगर के खसरे की है
नप अध्यक्ष राठौर ने अफसरों की उपस्थित में पार्क निर्माण का भूमिपूजन किया।
थाना परिसर में जमीन है तो आदेश ले आओ
दरअसल किसान की 40 डिसमिल जमीन नया थाना निर्माण में दब गई है। किसान ने कलेक्टर व एसपी को लिखित शिकायत की थी। इस पर उन्होंने समस्या के निराकरण का मौखिक आश्वासन दिया था। टीआई नीरज मेढ़ा ने शनिवार को किसान से कहा थाना परिसर में आपकी 40 डिसमिल जमीन दब गई है तो आदेश करवा लो। नपती के बाद जो भी उचित निराकरण होगा कराया जाएगा।