आधार से 30 जून तक लिंक कराने होंगे राशन कार्ड
मुरैना| गरीबी रेखा के नीचे जीवन यापन कर रहे उपभोक्ताओं को कैरोसिन अब बाजार से 50 रुपए लीटर के रेट से खरीदना होगा। कैरोसिन लेने वाले उपभोक्ता को केन्द्र सरकार 32 रुपए लीटर के रेट से सब्सिडी का भुगतान करेगी। नया सिस्टम एक जुलाई से प्रभावशील होगा। सार्वजनिक वितरण प्रणाली का नया सिस्टम एक जुलाई से क्रियान्वित किए जाने की तैयारी खाद्य विभाग ने पूरी कर ली है। अभी तक बीपीएल व अंत्योदय उपभोक्ताओं को 18 रुपए लीटर के रेट से कैरोसिन राशन की दुकानों से मिल रहा है। तीन महीने बाद कैरोसिन का वितरण उचित मूल्य की दुकानों से बंद हो जाएगा। गरीबी रेखा के नीचे जीवन यापन करने वाले उपभोक्ता, प्राथमिक परिवारों सहित अंत्योदय कार्डधारियों को कैरोसिन बाजार से 50 रुपए लीटर खरीदना होगा। ऐसे दो लाख सात हजार पांच सौ तिरेपन उपभोक्ताओं के बैंक खाते में सरकार 32 रुपए लीटर के मान से सब्सिडी का भुगतान करेगी। सब्सिडी का भुगतान उसी उपभोक्ता को होगा जिसका आधार कार्ड बैंक खाते से लिंक कराया गया होगा। इसके लिए केन्द्र सरकार ने नोटिफिकेशन जारी किया है कि 30 जून तक बीपीएल, अंत्योदय कार्ड में दर्ज सभी सदस्य अपने कार्ड को आधार कार्ड से लिंक कराने का काम पूरा कर लें।