गर्मी से परेशान हो रहे लोग
गर्मी से परेशान हो रहे लोग
मुरैना | सूरज की तपिश से लोग परेशान हैं। सुबह से ही तेज धूप पडना शुरू हो जाती इसके बचने के लिए लोगों को चेहरे पर साफी लपेटकर चलना पड़ रहा है। महिलाएं व बच्चे भी सिर पर साफी रखकर चल रहे हैं। गर्मी के कारण दोपहर के समय शहर की सड़कों को लोगों की आवाजाही कम होती है। जरूरी कार्यों से ही लोग घरों से बाहर निकल रहे हैं। गर्मी के कारण बाजार में पेय पदार्थों की बिक्री बढ़ गई है। शाम के समय लोग आइसक्रीम पार्लर, जूस सेंटरों पर पहुंचकर कंठ तर करते नजर आते हैं।
कूड़ेदानों के सामने बिखर रही गंदगी
मुरैना | नगरनिगम द्वारा शहर में कई स्थानों पर कूड़ेदान लगवाए गए हैं। लेकिन यह काफी छोटे हैं इस कारण लोग कूड़ेदान में कचरा न डालकर इसके आस-पास ही फेंक देते हैं। जहां भी कूड़ेदान लगे हैं वहां यही हालात देखने को मिल रहे हैं। पिछले दिनों अतिक्रमण विरोध मुहिम के दौरान कलेक्टर ने निर्देश दिए थे कि इन छोटे कूड़ेदानों को हटवाकर बड़े कूड़ेदान रखवाए जाएं जिससे लोग इनका उपयोग करें। लेकिन नगरनिगम ने इस ओर ध्यान नहीं दिया है। ननि द्वारा रखवाए गए कूड़ेदान उपयोग रहित बने हुए हैं।
अंडरब्रिज में पहुंच रहे मवेशी हादसे की आशंका
मुरैना | महादेव नाका स्थित अंडरब्रिज में मवेशियों के प्रवेश के कारण हादसे की आशंका बनी हुई है। मवेशी अंडरब्रिज में विचरण करते हैं। लोग तेज रफ्तार से वाहन चलाते हुए अंडरब्रिज से निकलते हैं तो कई बार मवेशियों से टकरा जाते हैं जिससे लोग घायल होते हैं। लेकिन नगरनिगम द्वारा इस ओर ध्यान नहीं दिया जा रहा। कुछ समय पहले कलेक्टर ने शहर की सड़कों से मवेशियों को पकड़वाकर देवरी स्थित गौशाला पहुंचाने के निर्देश दिए थे। लेकिन नगरनिगम ने एक-दो दिन ही मुहिम चलाई। ननि का लापरवाही के कारण राहगीर परेशान हो रहे हैं।
बिजली कंपनी की मनमानी, अघोषित बिजली कटौती से बढ़ रही परेशानी
मुरैना | शहर में अघोषित बिजली कटौती का सिलसिला थम नहीं पा रहा है। अलग-अलग इलाकों में मनमाने तौर पर बिजली कटौती बिजली कंपनी अधिकारियों द्वारा की जा रही है जिससे लोगों को परेशान होना पड़ रहा है। नैनागढ़ रोड इलाके में शनिवार को अल सुबह से ही बिजली का आना-जाना लगा रहा। यह हालात शहर के हर इलाके में देखे जा रहे हैं। एक ओर बिजली कंपनी द्वारा बिजली बिल की बकाया राशि वसूलने के लिए अभियान चलाया जा रहा है लोगों के बिजली कनेक्शन काटे जा रहे हैं लेकिन सुविधाओं देने की दिशा में कोई काम नहीं किया जा रहा।
कोचिंग सेंटरों पर नहीं लगे सीसीटीवी कैमरे
मुरैना | कोचिंग सेंटरों पर सीसीटीवी कैमरे लगाए जाने की बात पुलिस अधिकारियों को कुछ समय पहले कोचिंग संचालकों से कही थी। पुलिस कॉन्फ्रेंस हॉल में आयोजित की गई बैठक में इस तरह के निर्देश दिए गए थे। लेकिन किसी भी कोंचिंग संचालक ने अभी तक सीसीटीवी कैमरे नहीं लगवाए है। यह व्यवस्था इसलिए बनाई जा रही थी ताकि कोचिंगों के आसपास वेवजह घूमने वाले लोगों पर नजर रखी जा सके। इसके अलावा किसी भी घटना के बाद आरोपी की तत्काल पहचान हो सके। लेकिन कोचिंग संचालकों ने इस निर्देश को दरकिनार कर दिया है।
लोहिया बाजार में पसरा अतिक्रमण
मुरैना | शहर का लोहिया बाजार अतिक्रमण की चपेट में है। यहां दुकानदारों ने सड़क पर कब्जा कर लिया है जिससे राहगीर परेशान हो रहे हैं। इस बाजार में लोहे के सामान की दुकानें हैं। दुकानदारों द्वारा लोहे के दरवाजे, जाली, ड्रम सहित अन्य सामान सड़क पर रख लिया है। जिससे स्थानीय निवासियों को भी परेशानी होती है। इस संबंध में कई बार लिखित व मौखिक शिकायतें नगरनिगम अधिकारियों से की है लेकिन अधिकारियों ने अतिक्रमण विरोधी मुहिम चलाना जरूरी नहीं समझा है।
नालों की सफाई करा रहा नगरनिगम
मुरैना | शहर के नालों की सफाई नगरनिगम द्वारा शुरू कराई गई है। चौक पड़े नालों के कारण कई गलियों में जलभराव हो रहा था। जिसको लेकर लोगों द्वारा लगातार शिकायतें की गईं। शिकायतों के बाद अधिकारियों ने नालों का सफाई अभियान शुरू कराया है। एमएस रोड स्थित नाले सहित अन्य स्थानों पर यह अभियान चल रहा है। सफाई कर्मचारी नाले में उतरकर पानी के प्रेशर से नाले को साफ कर रहे हैं जिससे पानी बह सके और इलाकों में जलभराव न हो।